- लोकेश प्रजापति ने मृतक के परिजनों से ली जानकारी
- डीएम-एसपी को दिए प्रकरण में कार्यवाही के निर्देश
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: क्षेत्र के कस्बा एलम में पुलिस की दबिश के दौरान कश्यप समाज के व्यक्ति की मौत के मामले में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के वाईस चेयरमैन डा. लोकेश प्रजापति ने पीड़ित परिवार से मिलकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
थाना क्षेत्र के कस्बा एलम पुलिस चौकी पर सिपाहियों ने कस्बा एलम के मोहल्ला पूर्वी सुभाष नगर में गत तीन जनवरी को ओमबीर कश्यप के यहां दबिश दी थी। पुलिस की दबिश के दौरान ओमबीर कश्यप की मौत हो गई थी। मृतक की पुत्री ने पुलिस कर्मियों पर पीट-पीटकर हत करने के आरोप लगाए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हॉर्ट अटैक आया था।
मृतक की पत्नी कमलेश की तहरीर पर तीनों पुलिस कर्मियों सहित एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने तीनों पुलिस कर्मियों को लाईन हाजिर कर दिया था। पीड़ित परिजनों ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग में शिकायत कर आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
शनिवार को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के वाईस चेयरमैन डा. लोकेश प्रजापति मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार के सामने ही जिलाधिकारी जसजीत कौर और एसपी सुकीर्ति माधव से फोन पर बात कर आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ित परिवार को जल्द ही मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलवाए जाने का आश्वासन दिया।
इस दौरान क्षेत्रिय उपाध्यक्ष रमेश गौड़ कश्यप, रूपेश प्रजापति, कुलदीप रोड, घनश्याम पार्चा, नीरज उपाध्याय, ओमपाल कश्यप, बिट्टू कश्यप आदि मौजूद रहे।

