जनवाणी संवादाता |
चांदपुर: राष्ट्रीय बालिका दिवस दिवस के अवसर पर नायिका मेगा इवेंट के तहत वैदिक कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा हुदा परवीन को एक दिन का एसडीएम व गौरवी को पुलिस क्षेत्राधिकारी बनाया गया। कुछ समय के लिए दोनों छात्राओं ने अधिकारी के रुप में कुर्सी ग्रहण की।
राष्ट्रीय बालिका दिवस व महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत आयोजित नायिका मेगा इवेंट के अंतर्गत छात्राओं को एक दिन के अधिकारी के रूप में कार्य करने का अवसर दिया जा रहा है। सरकार द्वारा चलाई गई योजना का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
सोमवार को नगर के वैदिक कन्या इंटर कॉलेज की 12 वीं कक्षा की छात्रा हुदा परवीन को 1 दिन के आंशिक एसडीएम बनने का सौभाग्य मिला। तहसील पहुंची हुदा परवीन को उपजिलाअधिकारी कुँवर वीरेंद्र कुमार ने एसडीएम की कुर्सी पर आसीन कराया। कुछ देर तक एसडीएम की कुर्सी संभालने के बाद हुदा परवीन ने इसे अपना सौभाग्य बताया। इसी कालेज की छात्रा गौरवी को एक दिवसीय पुलिस क्षेत्राधिकारी का कार्यभार
सौंपा गया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय में मौजूद सीओ शुभ सुचित कुमार ने गौरवी को क्षेत्राधिकारी की कुर्सी पर विराजमान करा कर पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। शकुंतला कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा मंजिली रानी को एक दिवसीय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के रूप में काम करने का मौका मिला। कोतवाली पहुंची मंजिला रानी को थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र तोमर ने कार्यालय में प्रभारी निरीक्षक की कुर्सी पर बैठा कर पुलिस की कार्यप्रणाली बताई।

इस दौरान एक दिन की प्रभारी निरीक्षक बनी अंजलि रानी ने कोतवाली में आई एक महिला फरियादी फरियाद सुनते हुए पुलिसकर्मियों को निस्तारण के निर्देश दिए। एक दिन की अधिकारी बनी छात्राओं ने बताया कि उन्हें एक दिवसीय अधिकारी के रुप मे कुर्सी पर बैठकर गौरव हासिल हुआ है। भविष्य में वे उच्च अधिकारी बनकर आज देखे गए अपने सपने को साकार जरुर करेंगी।

