जनवाणी ब्यूरो |
मेरठ: राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर सनातन धर्म इंटर कालेज में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुभारंभ डीएम के. बालाजी ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा लोकतंत्र की मजबूती के लिये मताधिकार का प्रयोग करना आवश्यक है।
उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं को भी मताधिकार के प्रति जागरूक किया। डीएम ने कहा कि जिन छात्र-छात्राओं की उम्र 18 वर्ष से अधिक हो चुकी है, वह अपना पहचान पत्र बनावाएं और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। डीएम ने सभी को मतदाता दिवस की शपथ दिलाई।
इस मौके पर विभिन्न सांस्कृति कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यहां लघु नाटिका का भी मंचन किया गया। जिसमें बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुति दी। इस मौके पर डीएम ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नितिन कुमार को पहचान पत्र सौंपा।
इसके अलावा 13 बूट लेवल अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र सौंपा। इस मौके पर नगर मजिस्ट्रेट एसके सिंह, एसीएम सुनीता सिंह, डीआईओएस गिरजेश चौधरी, एसडी इंटर कालेज के प्रधानाचार्य सुदीप शर्मा आदि रहे।

