- आग से फ्रीज आदि सामान समेत लाखों का नुकसान
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: शहर के मिल रोड पर कनफैक्शनरी की एक दुकान में भयंकर आग लगने से हड़कंप मच गया। मिल में गन्ना लेकर पहुंचे किसानों ने दुकान से धुआं निकलता देखकर शोर मचाया जिसके बाद परिजन बाहर निकले और दमकल विभाग को सूचना दी। फायरकर्मियों ने दो गाडियों के साथ काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
शामली शहर के मिल रोड निवासी दिनेश गर्ग की मकान के निचले हिस्से में कनफैक्शनरी की दुकान है। बुधवार की रात को दिनेश गर्ग और उनका पुत्र वैभव दुकान बंद कर ऊपर मंजिल पर बने मकान में चले गए। अलसुबल करीब पांच बजे मिल में गन्ना डालने जा रहे किसानों ने दुकान से धुआं निकालता हुआ देखकर शोर मचा दिया।
शोर शराबा सुनकर दुकान मालिक वहां पहुंचे तो देखा कि दुकान से धुआं निकल रहा है। जिसके बाद परिजन दौड़ते हुए दमकल विभाग में पहुंचे और सूचना दी। फायर बिग्रेड कर्मी दो गाडियों के साथ पहुंचे और किसी तरह शटर खोला तो अंदर भयंकर आग लगी हुई थी।
कर्मियों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दुकान में रखे डीप फ्रीज, फ्रीज, अन्य मशीने, लकड़ी फिटिंग, कनफैक्शनरी का खाने-पीने का सामान आदि जलकर राख हो चुका था। दमकल कर्मियों के मुताबिक आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। दुकान मालिक दिनेश गर्ग ने बताया कि आग से लाखों रुपयों का नुकसान हुआ है जिसका आंकलन किया जा रहा है।

