- एसडीएम को किसानों के गन्ना भुगतान सहित कई मांगे रखी
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्त्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन देकर दिल्ली में उपद्रव व लाल किले की घटना की निन्दा करते हुए सरकार से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। ज्ञापन में किसानों ने गन्ना मूल्य भुगतान सहित कई मांगे भी रखी है और किसानों की समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
शुक्रवार को भाकियू कार्यकर्त्ताओं ने भाकियू नेता बलराम सिंह, जिला उपाध्यक्ष विनोद परमार, ,सचिव मदन सिंह के नेतृत्व में एक ज्ञापन एसडीएम बृजेश कुमार सिंह को दिया जिसमें मांग की गई कि दिल्ली में हिसंक घटनाओं की निष्पक्ष जांच की जाए और किसानों पर की गई उत्पीड़न की कार्रवाई की भी निष्पक्ष जांच हो।
किसानों की मांग को देखते हुए तीनों कृषि बिलों को सरकार वापस ले। इसके अलावा ज्ञापन में प्रशासन से गाजीपुर बार्डर पर किसानों को शांति पूर्ण ढंग से जाने की व्यवस्था करने, किसानों पर किए गए मुकदमें समाप्त करने व 2020-21 का गन्ना मूल्य घोषित करने की मांग की गई। इसके अलावा अवशेष गन्ने का ब्याज सहित भुगतान करने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में बलराम सिंह, महेन्द्र सिंह, विनोद परमार, विपिन राज, सुगम चौधरी आदि शामिल रहे।

