जनवाणी संवाददाता |
सरूरपुर: सरूरपुर थाने के सामने शनिवार की देर शाम दौड़ लगाते वक्त युवक को मारी गई गोली के मामले में अज्ञात लोगों को खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। हालांकि पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानकर चल रही है और शीघ्र खुलासे का भी दावा भी कर रही है।
गौरतलब है कि शनिवार की देर शाम सरूरपुर निवासी लक्की पूनिया पुत्र मनोज पूनिया को दौड़ लगाने के वक्त गांव लौटते समय बाइक पर थाने के सामने अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी,गोली लक्की की पीठ में लगी थी और वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा था। बाद में उसके साथियों ने उसे गंभीर हालत में पहले सरधना और बाद में मेरठ भर्ती कराया था।
हालांकि इस मामले का पुलिस को काफी देर पता लगा था जानकारी करने में पुलिस इस घटना को शुरू से ही संदिग्ध लेकर चल रही है।वहीं दूसरी ओर रविवार को इस मामले में घायल युवक के पिता मनोज पूनिया की ओर से अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया गया कि मेरा पुत्र लक्की दौड़ लगाने के बाद बाइक से वापस गांव को लौट रहा था।थाने के पास अज्ञात हमलावरों ने पीछे से गोली मार दी।
पुलिस ने मनोज की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीँ इस संबंध में कार्यवाही थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शीघ्र खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस फिलहाल घटना को संदिग्ध मानकर चल रही है।

