- युवती की ईमेल आई हैक कर ब्लैकमेल कर रहा था
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: युवती की ईमेल आइडी हैक कर डाटा इस्तेमाल करते हुए 10 लाख रुपये की मांग करने वाले साइबर अपराधी को पुलिस ने गुरूग्राम से गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से पुलिस ने दो मोबाइल और दो लैपटॉप बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
शामली शहर की टीचर्स कॉलोनी निवासी रामफल देशवाल ने शामली कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उसकी पुत्री की ई-मेल आईडी गुरूग्राम में रहने वाले एक व्यक्ति द्वारा हैक कर ली गई है।
वह व्यक्ति उसकी पुत्री के डाटा का इस्तेमाल कर उसे ब्लैकमेल करते हुए 10 लाख रुपए की मांग कर रहा है और मांग पूरी न होने पर डाटा इंटरनेट पर डालने की धमकी दे रहा है।
जिसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और साइबर सेल को जल्द ही कार्रवाई के निर्देश दिए।
साइबर सेल की मदद से पुलिस ने आरोपी अनुराग त्रिपाठी पुत्र गया प्रसाद निवासी एचएफसीएल सैक्टर 38 गुरूग्राम जनपद गुडगांव हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने उसके कब्जे से ब्लैकमेलिंग एवं हैकिंग के लिए प्रयोग किए जाने वाले दो मोबाइल व दो लैपटॉप बरामद किए हैं। मोबाइल एवं लैपटॉप से डाटा देखकर जरूरी जानकारी जुटाई जा रही है।

