- छोटे वाहन चालकों को गली मोहल्लों से होकर पहुंचना पड़ रहा अपने गंतव्य तक
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शहर में चल रहे विकास कार्यों के चलते जगह-जगह जाम की स्थिति बन रही है। जिस कारण वाहन चालकों को गली-मोहल्लों से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। बागपत रोड पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य व अन्य मार्गों पर सीवर लाइन बिछाने के कार्य को लेकर जगह-जगह सड़क खोदी जा रही है। जिस कारण प्रतिदिन कई घंटों तक इन मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रहती है।
बागपत रोड पर इस वक्त सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। जिस कारण इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को रोजाना जाम से जूझना पड़ रहा है। वहीं शाम के समय हालात ऐसे बन जाते है कि इस मार्ग पर घंटों तक जाम लगा रहता है। जिस कारण बड़े वाहन चालकों को अन्य मार्गों से तो छोटे वाहन चालकों को गली-मोहल्लों से होकर निकलकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।
वहीं हापुड़ रोड, लिसाड़ी रोड, कमेला रोड, भूमिया पुल व बुढ़ाना गेट से खैरनगर की ओर जाने वाले मार्ग पर सीवर लाइन बिछाने का काम चल रहा है। जिस कारण इन मार्गों पर सड़क खोदी जा रही है। सड़क खोेदे जाने को लेकर इन मार्गों से वाहनों का आवागमन बंद किया हुआ है।
जिसके चलते इन मार्गों से आने-जाने वाले वाहन चालकों को दूसरे मार्गों से होकर अपने गंतव्य तक जाना पड़ रहा है। जिस कारण इन मार्गों पर पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। हालांकि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शहर की यातायात पुलिस पूरे दिन मशक्कत करती रहती है, लेकिन इन मार्गों के बंद रहने के कारण फिलहाल शहर की यातायात व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है।

