- पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेजा
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: क्षेत्र के उंचागांव के जंगल में एक अविवाहित युवक का शव पेड़ पर लटका मिला। सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, युवक ने शराब के पैसे नही मिलने पर फासी लगा कर आत्महत्या की है।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे ग्रामीण ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी कि गांव उंचागांव में रजवाहे की पटरी पर मेहन्द्र के खेत में पेड़ पर एक युवक का शव लटका हुआ है। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। युवक के गले में अंगोछे से फांसी का फंदा डला हुआ था। पुलिस ने शव को नीचे उतारा तथा शव की शिनाख्त कराई। मृतक की शिनाख्त 28 वर्षीय रोहित कश्यप के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, मृतक रोहित के भाई राजेन्द्र ने बताया कि रोहित अविवाहित था तथा उसके पास ही रहता था। वो मूलरूप से कांधला क्षेत्र के गांव भभीसा के रहने वाले हैं। रोहित शराब पीने का आदी था। शुक्रवार की रात शराब पीने के लिए उसने पैसे मांगे। उसके द्वारा मना करने के बाद रात करीब 9 बजे वह घर से चला गया था। उसके बाद उसका कोई पता नहीं चला था।
कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा ने बताया कि मृतक रोहित के भाई ने आत्महत्या करने की बात लिख कर दी है। शव को पोस्टमर्टम के लिए भेज दिया गया है।

