- यातायात जागरुकता को छात्रों ने निकाली बाइक रैली
- एडीशन एसपी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आम जनमानस को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विजय सिंह पथिक महाविद्यालय के छात्रों ने जागरूकता बाइक रैली निकाली। रविवार को सड़क सुरक्षा माह 2021 अभियान के तहत विजय सिंह पथिक महाविद्यालय के छात्रों ने बाइक रैली का आयोजन किया।
बाइक रैली का शुभारंभ कोतवाली परिसर से एडिशनल एसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान छात्रों ने लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरुकता वाले स्लोगन के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। बाइक रैली विजय सिंह पथिक महाविद्यालय में जाकर संपन्न हुई।
जहां पर एडिशनल एसपी ने छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि अन्य देशों के मुकाबले भारत में 10 गुना सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि बाइक चलाते समय हमेशा हेलमेट का प्रयोग करें। चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट जरूर लगाएं।
उन्होंने कहा कि अगर कोई सड़क हादसे में चोटिल हो जाए तो उसको घर पहुंचाने में सहयोग करें। इस दौरान कॉलेज के छात्र छात्राओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर कविताएं प्रस्तुत की। बाद में एडिशनल एसपी ने सभी को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। इस दौरान डा. अजय बाबू शर्मा उपस्थित रहे।

