- ग्रामीणों ने अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच कराये जाने की उठाई मांग
जनवाणी संवाददाता |
मोरना: नगर पंचायत भोकरहेड़ी द्वारा कराये जा रहे विकास कार्यों में लाखों रुपये के घोटालों में घिरे आरोपियों पर कार्रवाई को लेकर नगर निकाय प्रभारी अजय अम्बष्ट व एसडीएम जानसठ अमृतपाल कौर ने तालाब एवं निर्माणाधीन इंटरलॉकिंग सड़क की जांच-पड़ताल की।
इस दौरान क्षेत्रवासियों ने नगर में कराये जा रहे विकास कार्यों में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए अधिकारियों से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराये जाने की मांग रखी। साथ ही क्षेत्रवासियों ने प्रदर्शन करते हुए अधिकारियों पर जांच के नाम पर खानापूर्ति किये जाने के भी आरोप लगाये।
कस्बा भोकरहेड़ी में सोमवार को केन्द्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव कुमार बालियान व बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक का घेराव करते हुए क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत अधिकारियों व कर्मचारियों पर लाखों रुपये का घोटाला करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था।
इसके चलते केन्द्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव कुमार बालियाव व बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक ने तालाब की सफाई ठीक प्रकार से न होने और गलियों में इंटरलॉक सड़क पर ही निर्माणाधीन सड़क बेवजह बनाये जाने को लेकर कड़ी आपत्ति जताते हुए अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई थी।
मंगलवार को जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे के निर्देश पर नगरीय अधिकारी प्रभारी अजय अम्बष्ट व एसडीएम अमृतपाल कौर जांच करने पहुंचे। साथ ही नगर में मशीन से खोदे गये तालाब की गहराई की जांच करते हुए ईओ से जानकारी ली।
नगर में इंटरलॉकिंग सड़क पर बनाई जा रही काली सडक को गैर जिम्मेदारी बताते हुए ईओ जमकर लताड पिलाई और सरकारी धनराशि को बर्बाद करने की बात कही। जांच अधिकारियो के सामने ही क्षेत्रवासियों ने अधिशासी अधिकारी पर लिखित शिकायत पर कार्रवाही न करने ओर मनमानी करते हुए लाखो रुपए गबन करने के गंभीर आरोप लगाते हुए प्रदर्शन भी किया। अधिकारियों से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराये जाने की मांग रखी।
अधिकारियों पर लगाये जांच के नाम पर खानापूर्ति के आरोप
मंगलवार को घोटालों की जांच करने पहुंचे अधिकारियों पर क्षेत्रवासियों ने खानापूर्ति का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया, साथ ही अधिकारियों पर शिकायतकर्ता की बिना सुने ही रवाना होने का आरोप भी लगाया। प्रदर्शन करने वालों में रामपाल, सभासद उदयवीर, नेपाल सिंह, मनोज, बिरेश पाल, धनवीर, अनिल, सुनील, सचिन, मोनू व योगेश आदि शामिल रहे।

