- ग्रामीणों ने दोनों को पुलिस को सौंपा, चालान किया
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: तहसील के ग्राम चंदनपुरा के किसानों ने अपने खेतों से गन्ना चोरी कर ले जाने वाले दो लोगों को ट्रैक्टर-ट्राली में लदे गन्ने समेत पकड़ लिया। किसानों ने चोरों को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया।
तहसील के ग्राम चंदनपुरा के किसानों बलविन्दर सिंह पुत्र करतार सिंह, जसपाल सिंह पुत्र बलविन्दर सिंह, हरतेज सिंह पुत्र सुखवेन्द्र सिंह, गुरमीत सिंह पुत्र बलवेन्द्र सिंह तथा गुफरान पुत्र शरीफ अहमद ने खुद के चोरी गए करीब 30 से 35 कुंतल गन्ने के साथ इंतजार पुत्र मुनफैद तथा तासिर पुत्र मौहम्मद अनीस निवासी ग्राम अकबरपुर चौगावां को पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने पाया कि गन्ना चोरी के आरोपियों ने किसानों के खेतों में काटकर छोड़े गए गन्ने की पूलियों को लाल रंग के ट्रैक्टर संख्या एचआर 16 ए-5024 के साथ जुड़ी ट्रैली में लादा हुआ था। किसानों ने दोनों आरोपियों को पकड़ने के साथ ही गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्राली को भी अपने कब्जे में ले लिया।
किसान दोनो गन्ना चोरी के आरोपियों तथा ट्रैक्टर-ट्रैली को मय गन्ने के लेकर थाने पहुंच गए। किसानों ने पुलिस को अपने खेतों से गन्ना चोरी किए जाने की तहरीर देते हुए गन्ना तुराने वाले दोनों आरोपियों व ट्रैक्टर-ट्रैली को पुलिस को सौंप दिया।
विगत कई दिनों से किसानों के खेतों में काटकर छोड़े गए गन्ने की चोरी हो जाने को लेकर क्षेत्र के किसान काफी परेशान थे। जिसके चलते किसानों ने गन्ना चोरी करने वालो को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और गन्ना चोर ट्रैक्टर-ट्राली में गन्ना चोरी कर ले जाते समय पकड़ लिए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है।

