- शराब पीने को लेकर हुए विवाद से गुस्साए पति ने रिश्ते किए तार-तार
- आरोपी पति मौके से हुआ फरार
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: शराब पीने से मना करने पर शराबी पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भिजवाया। एसपी आरए संजय सिंह ने सीओ के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।
नगर के जलालाबाद क्षेत्र के गांव इब्राहीमपुर उर्फ नंगला निवासी विजय सिंह पुत्र सगुआ सिंह का बुधवार की देर रात्रि शराब पीने को लेकर अपनी पत्नी गुड्डो से झगड़ा हो गया था। बताया जाता है कि झगड़े के चलते शराबी विजय सिंह ने घर पर रखी कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ प्रहार करते हुए उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना से गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही सीओ गजेन्द्र पाल सिंह, थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक विजय नशेड़ी किस्म का व्यक्ति है जिसको लेकर आएं दिन पति-पत्नी में झगड़ा होता रहता था।
घटना के बाद से विजय सिंह फरार है। थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मृतका के बेटे रविन्द्र कुमार की तहरीर पर आरोपी विजय सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

