- कई बार चेतावनी के बाद भी नही हटाया अतिक्रमण, तीन हजार रूपए का लगाया जुर्माना
जनवाणी संवाददाता |
धामपुर: नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण पर चाबुक चलाकर पुरानी तहसील पर से अतिक्रमण को ध्वस्त करा दिया। टीम की इस कार्रवाई का अतिक्रमणकारियों ने विरोध किया, पर पालिका ने अतिक्रमण ध्वस्त कर आरोपी से तीन हजार का जुर्माना वसूल किया। जुर्माना वसूले जाने की कार्रवाई के बाद अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
नगर पालिका ईओ सुभाष कुमार गुरूवार को टीम के साथ पुरानी तहसील पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जेसीबी से पुरानी तहसील परिसर के सामने एक दुकान पर चढ़ने के लिए लगाए गए लोहे के जीने को ध्वस्त करा दिया। आरोप है कि आरोपी अतिक्रमणकारी लंबे समय से जबरन तहसील के रास्ते पर लोहे का जीना चढ़ाकर कब्जा किए बैठा था। कई बार लोगों ने इसका विरोध किया, लेकिन वह उन्हें डरा धमका लेता था।
इस मामले की शिकायत नागरिकों ने पालिका से की थी। पालिका के ईओ ने मामले को संज्ञान लेकर अतिक्रमण को ध्वस्त कराकर मार्ग को कब्जा मुक्त करा दिया। इस दौरान आरोपी ने टीम का विरोध किया पर पालिका की टीम ने उसकी एक नहीं सुनी। विरोध करने पर उस पर तीन हजार का जुमार्ना ठोककर वसूल किया।

