- दोनों एक ही बिरादरी के थे, शादी के लिए राजी नहीं थे परिजन
जनवाणी संवाददाता |
बेहट: परिजन शादी के लिए राजी नहीं थे, लिहाजा प्रेमी युगल ने हताश होकर अपनी जीवनलीला ही समाप्त कर ली। युवती ने जहर खाकर तो युवक ने फांसी लगाकर मौत को गले लगा लिया। परिजनों ने आनन-फानन में दोनों का अन्तिम संस्कार कर दिया। दोनों एक ही बिरादरी के थे और एक ही गांव के थे। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली।
दरअसल, पूरा मामला जनपद सहारनपुर की कोतवाली बेहट इलाके के एक गांव का है। बताया गया है कि गांव का ही एक दलित किशोर का अपनी ही जाति की युवती से प्रेम करता था। दोनों चोरी-छुपे मिलते थे। किशोरी से इस युवक का पिछले काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
आखिरकार दोनों ने जीवन भर साथ रहने का फैसला किया। प्रेमी युगल अपने -अपने घरवालों पर शादी का दबाव बना रहे थे। लेकिन दोनों के परिजनों ने शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद शुक्रवार की देर रात युवती ने जहर खा लिया। इससे उसकी हालत खराब हो गई। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे जहां उसकी हालत को चिंताजनक मानते हुए हायर सेंटर रैफर कर दिया गया।
हायर सेंटर ले जाते समय युवती ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिजन युवती के शव को लेकर वापस अपने गांव पहुंचे। जैसे ही युवती की मौत की खबर उसके प्रेमी को लगी तो उसने गांव के पास ही एक पेड़ पर फांसी पर लटक कर जान दे दी। युवक द्वारा फांसी लगाए जाने की खबर पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
परिजन युवक के शव को घर ले आये। युवक व युवती के परिजनों ने आनन-फानन में दोनो के शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली बेहट पुलिस इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। फिलहाल, दोनों के परिजनों में कोहराम मचा है।

