जनवाणी संवाददाता |
दौराला: हाइवे पर दौराला कस्बे के सामने बृहस्पतिवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
दौराला थाना क्षेत्र के समौली सलेमपुर गांव निवासी सरफराज पुत्र शब्बीर मोदीपुरम स्थित एक फास्ड फूड की दुकान पर काम करता था। बृहस्पतिवार देर रात वह बाइक पर सवार होकर दुकान से गांव लौट रहा था। दौराला कस्बे के सामने पहुंचने पर पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिस कारण सरफराज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला।
हाइवे से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस व टोल एंबुलेंस ने युवक को एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से पुलिस ने शव की शिनाख्त समौली निवासी सरफराज के रूप में की। पुलिस ने मामले की जानकारी मृतक के परिजनों को दी।
सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। मृतक के बड़े भाई साजिद ने बताया कि सरफराज भाइयों में दूसरे नंबर का था। पिता मजदूरी करते है, जबकि वह मोदीपुरम में किसी दुकान पर फास्ड फूड बनाने का कार्य करता था। उससे छोटा फिरोज अभी काम की तलाश में है। तीन भाई और तीन बहन है। सरफराज की मौत के बाद भाई-बहनों व माता पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता ने दौराला थाने में अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना प्रभारी किरणपााल सिंह का कहना है कि पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। उधर, रोहटा थाना क्षेत्र में सरधना-बिनौली रोड पर शुक्रवार देर शाम सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे में मारे गए युवक बागपत जिले के खपराना गांव का रहने वाला था। ये सड़क हादसा सरधना-बिनौली रोड पर शुक्रवार देर शाम हर्रा में पशु पैंठ स्थल के सामने उस वक्त हुआ, जब बाइक सवार दो युवक बिनौली की ओर से सरधना जा रहे थे, तभी अचानक सामने से आए ट्रक-बाइक की भिड़ंत हो गई।
जिसमें बाइक सवार एक युवक सोनू पुत्र लीलू निवासी खपराना थाना बिनौली जनपद बागपत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा रोहटा निवासी युवक संजीव गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना के बाद मृतक के परिजन थाने पहुंचे और अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।

