जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार को अग्निवीर भर्ती के तहत सहारनपुर की बेहट, सहारनपुर, नकुड़, देवबंद और रामपुर मनिहारान तहसीलों के अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा हुई। कुल 1231 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें 1115 उपस्थित हुए और 910 ने रनिंग परीक्षा में सफलता हासिल की।
सेना भर्ती कार्यालय मेरठ के अंतर्गत आयोजित भर्ती रैली कर्नल सत्यजीत बेबले के नेतृत्व में चल रही है। सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक माप, दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा जांच के अगले चरण से गुजरना होगा। 17 अगस्त से शुरू हुई रैली नौ सितंबर तक चलेगी। इसमें एआरओ मेरठ के अधीन 13 जिलों के करीब 28,100 चयनित अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।
दो सितंबर को सभी 13 जिलों के ट्रेड्समैन अभ्यर्थियों की भर्ती होगी, जबकि तीन और चार सितंबर को निर्धारित जिलों के तकनीकी अभ्यर्थियों की प्रक्रिया होगी। क्लर्क और स्टोर कीपर तकनीकी पदों की भर्ती सात और आठ अक्टूबर को बीईजी एंड सेंटर, रुड़की में होगी। सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों से दलालों से सावधान रहने और भर्ती के नाम पर किसी को पैसा नहीं देने की अपील की है।

