- नकली शराब के उत्पादकों की तलाश में ताबड़तोड़ दाबिश
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: क्षेत्र के गांव बातनौर में काफी दिनों से बेखौफ होकर नकली शराब की फैक्ट्री चलाने वालों पर एसपी देहात केशव कुमार के सख्त रुख के चलते पुलिस कार्यवाही का चाबुक चला है। मुकदमा दर्ज करके पुलिस आरोपियों को दिन-रात तलाश करने में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि क्षेत्र के गांव बातनौर में पिछले कई महीने से नकली शराब बनाने का कारोबार फल-फूल रहा था। बताया गया है कि यहां चल रही नकली शराब की फैक्ट्री में कई ब्रांड की शराब तैयार करके सप्लाई की जा रही थी। इस फैक्ट्री में शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाले सभी साजों सामान का व्यापक पैमाने पर बंदोबस्त रहता था।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव का आरोपी अजय सैनी अल्कोहल के कारोबार से आर्थिक स्थिति मजबूत करके ग्राम पंचायत की सत्ता तक पहुंचने के फिराक में था। पत्नी को प्रत्याशी बनाकर वह प्रधान पद का चुनाव लड़ रहा था। वोटरों को लुभाने के लिए उसने अपनी ही फैक्ट्री की शराब परोसने शुरू कर दी। प्रतिद्वंद्वियों को नागवार गुजरने पर पुलिस को छापा मारना पड़ा। छापे में भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।
पुलिस ने बरामद जखीरे को छुपा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौके से भारी मात्रा में अपमिश्रित शराब तथा शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाला बड़ा जखीरा बरामद हुआ। शराब माफियाओं को अभयदान देने की जुस्तजू में लगी पुलिस ने छापेमारी के कई घंटे बाद तक कोई लिखा पढ़ी नहीं की।
जानकारी एसपी देहात को हुई तो मजबूरन स्थानीय पुलिस को एक्शन मोड में आना पड़ा। पुलिस ने प्रत्याशी पति के सहयोगियों सहित सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एसपी देहात के कड़े रुख के बाद पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दिया। फिलहाल कोई आरोपी अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया है।

