जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: कृषक इंटर कॉलेज मवाना में बने मतगणना स्थल पर ग्राम पंचायत बातनौर की मतगणना लगातार 24 घंटे बाद संपन्न हो पाई। सारा दिन सारी रात गिनती पर खड़े प्रत्याशी और एजेंट बुरी तरह ऊब गए।
ग्राम पंचायत बातनौर की मतगणना रविवार को निर्धारित समय पर शुरू हो गई। कक्ष में मौजूद प्रत्याशी व उनके एजेंट वोटों पर अपनी गिद्ध नजर रखे हुए थे। इस कक्ष में मतगणना कर रहे कर्मचारियों ने उदासीनता से वोटो की गिनती शुरू की। शाम होने के बाद दूसरी शिफ्ट के कर्मचारी आ गए फिर भी दशा नहीं बदली, यहां मतगणना धीमी गति से चलती रही।
इस ग्राम पंचायत की करीब साढ़े तीन हजार वोटों की गिनती में कर्मचारियों ने 24 घंटे लगा दिए। प्रत्याशी और एजेंट लगातार दिन और रात गिनती कराते हुए थककर चूर हो गए। इस ग्राम पंचायत के सभी प्रत्याशियों व उनके एजेंट को मतगणना स्थल के भीतर तो समर्थकों को सड़क पर दुश्वारियों संग रात काटनी पड़ी। सोमवार को करीब दस बजे गिनती पूरी होने के घंटो बाद बातनौर की विजयी प्रत्याशी सलमा को प्रमाण पत्र सौंपा गया।

