- हमले में घायल बेटे की नर्सिंग होम में हालत गंभीर
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: खाने में सलाद नहीं देने पर की मामूली सी बात पर पत्नी की फावडे से काटकर हत्या करने और बेटे पर जानलेवा हमले करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नर्सिंग में घायल युवक का उपचार चल रहा है जिसकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है।
बाबरी थाना क्षेत्र के गांव गोगवान जलालपुर में सोमवार की रात को खाने में सलाद नहीं देने पर नशे की हालत में पति मुरली का अपनी पत्नी सुदेश देवी के साथ झगड़ा हो गया था। मुरली ने पत्नी सुदेश के साथ हाथापाई का प्रयास किया तो बेटे अजय ने इसका विरोध किया था। जिसके चलते मुरली घर से नाराज होकर बाहर चला गया था। बाद में सुदेश कमरे में सो गई और अजय गैलरी में चारपाई पर सोया हुआ था।
रात्रि में मुरली घर पहुंचा और कमरे में सो रही अपनी पत्नी पर फावड़े से हमला कर दिया। आरोपी पति ने ताबड़तोड़ कई वार किए जिससे महिला की मौत हो गई है। बाद में अपने बेटे अजय पर भी फावड़े से हमला किया था जिसमें वह गंभीर घायल है। शोर शराबा होने पर परिजनों के आने पर आरोपी मुरली फरार हो गया था। परिजनों ने घायल अजय को शामली के नर्सिंग होम में भर्ती कराया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
उधर, पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम को भेज दिया था। इस मामले में चचेरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। बुधवार को बाबरी पुलिस ने लोई नहर पुल से हत्यारोपी मुरली को गिरफ्तार कर लिया पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया था।

