जनवाणी संवाददाता |
गंज दारानगर: अंतिम संस्कार में शामिल होने आए पांच युवक स्नान करते समय गंगा में डूबने लगे जिनमें से चार को सकुशल बचा लिया गया जबकि एक युवक गंगा में समा गया। गोताखोरों द्वारा युवक की तलाश की जा रही है।
गुरुवार को हीमपुर दीपा निवासी जीत सिंह उम्र 75 वर्ष का आकस्मिक निधन हो गया था। जिनका अंतिम संस्कार करने के लिए परिजन विदुर कुटी गंगा घाट पर आए थे।
अंतिम संस्कार के दौरान स्नान करते समय 5 लोग डूबने लगे शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने हीमपुर दीपा निवासी चार युवकों को बचा लिया जबकि मृतक के धेवते के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने आया शेरकोट निवासी विशाल पुत्र मदन सिंह उम्र 19 वर्ष गंगा के गहरे जल में समा गया।
मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों सिटी कुलदीप गुप्ता शहर कोतवाल राजेश कुमार सोलंकी चौकी इंचार्ज अमित कुमार ने गोताखोरों को बुलाकर गंगा में डूबे युवक की तलाश कराई। समाचार लिखे जाने तक युवक की तलाश जारी थी।गंगा में डूबा युवक तीन भाई बहनों में दूसरे नंबर का था जो इंटर का छात्र था।

