जनवाणी सवांददाता |
नहटौर: पुलिस ने कच्ची शराब बनाते हुए एक युवक को पकड़ लिया जबकि कई आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है।
नहटौर नूरपुर मार्ग पर गांव बालापुर अखेड़ा के पास मुखबिर की सूचना पर सरदार योगेन्द्र सिंह की पशुशाला में दरोगा पुष्पेंद्र कुमार ने पुलिस टीम के साथ छापामार कार्रवाई की।
जहां पर पुलिस को कच्ची शराब बनती मिली पुलिस ने मौके एक युवक योगेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया जबकि करीब आधा दर्जन लोग मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
पुलिस ने मौके से एक गैस सिलेंडर सहित कच्ची शराब बनाने की भट्टी,ड्रम व अन्य उपकरण और एक कुंतल लाहन के अलावा बनी हुई 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की ग्रामीणों के मुताबिक पुलिस की कार्रवाई से गांव तरकौला के पास जंगल में स्थित एक डेरे से कुछ लोग जंगल में भागकर छिप गए।
डेरे के पास से लोगों को भागता देख आस पास के खेतों में काम कर रहें मजदूर भी घबरा गए। पता चलने पर उन्होंने राहत की सांस ली। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह का कहना है कि आरोपी योगेंद्र के खिलाफ सम्बन्धित धारा में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है।

