जनवाणी ब्यूरो |
बढ़ापुर: नगर के मोहल्ला फूल बाग हरिजन बस्ती में चार वर्ष पूर्व लाखों रुपए की लागत से बना हुआ नलकूप ठप हो गया है। जिससे मोहल्ले वासियों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, इस समस्या को लेकर शनिवार को मोहल्ले वासियों ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नलकूप पर प्रदर्शन किया।
नगर के मोहल्ला फूलबाग हरिजन बस्ती में पानी की समस्या को देखते हुए स्थानीय नगर पंचायत प्रशासन ने करीब चार वर्ष पूर्व लाखों रुपए की लागत से नलकूप का निर्माण कराया था जिसे मोहल्ले वासियों ने राहत की सांस ली थी लेकिन मोहल्ले वासियों का यह सपना ज्यादा लंबे समय नहीं चल पाया और चार वर्षों में ही टूट कर चकनाचूर हो गया।
बताया जाता है कि उक्त नलकूप पर रखे हुए जनरेटर को नगर पंचायत ने करीब एक वर्ष पहले यहां से उठा लिया था जब से ही मोहल्ले वासियों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा था अब आकर मोहल्ले वासियों की उम्मीद उस वक्त टूट गई जब उक्त नलकूप पूरी तरह ठप हो गया।

गौरतलब है कि मोहल्ला फूलबाग हरिजन बस्ती मलिन बस्ती के अंतर्गत आती है जिसके लिए शासन से अलग निधि उपलब्ध कराई जा रही है।
शनिवार को मोहल्ले वासी चंद्रपाल सिंह,कपिल, नीलम कुमार, नरेंद्र सिंह, किरण देवी, सुनील कुमार, पंकज कुमार, शकुंतला देवी, मोहम्मद हनीफ, वकीला, नईम अहमद जमुना देवी, जयप्रकाश व भूपेंद्र सिंह आदि ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नलकूप पर जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी इन मोहल्ले वासियों का कहना है कि नलकूप की समस्या को लेकर वह इससे पूर्व कई बार नगर पंचायत के अधिकारी को अवगत करा चुके हैं लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हो पाई है।

