- एमडीए के सचिव ने डीएम के समक्षा रखा मास्टर प्लान 2031 का ड्राफ्ट प्रपोजल
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: जनपद के विकास के लिए मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण द्वारा मास्टर प्लान 2031 की तैयारी की गयी है। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने मास्टर प्लान को जल्द से जल्द लागू कराने के लिए मंगलवार को समीक्षा बैठक की, जिसमें एमडीए सचिव महेन्द्र प्रसाद द्वारा मास्टर प्लान 2031 का ड्राफ्ट प्रपोजल जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
जिलाधिकारी कार्यालय में जनपद मुजफ्फरनगर के विकास के लिए मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा बनाये गये मास्टर प्लान 2031 के संबंध में समीक्षा बैठक आहूत की गई। इस समीक्षा बैठक में प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह के समक्ष मास्टर प्लान 2031 का ड्राफ्ट प्रपोजल प्रस्तुत किया गया। मास्टर प्लान 2031 के ड्राफ्ट प्रपोजल में होने वाले परिवर्तन एवं सुविधाओं के संबंध में भी जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।
सचिव, मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण महेन्द्र प्रसाद द्वारा बताया गया कि मास्टर प्लान 2031 की प्रक्रिया चल रही है, जिसमें शीघ्र ही आम जनमानस से आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी एवं उनका निस्तारण कराते हुए मास्टर प्लान 2031 तैयार किया जाएगा। समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक यादव, मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के सचिव महेंद्र प्रसाद सिंह एवं अधीक्षण अभियंता एमडीए तथा अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।

