जनवाणी ब्यूरो |
शामली: समाजवादी पार्टी ने भाजपा की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान कर दिया है। इसके तहत आगामी 21 सितंबर को जनपद की तीनों तहसीलों पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की राज्यपाल को उप जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेजेंगे।
समाजवादी पार्टी की एक बैठक शनिवार को मुजफ्फरनगर रोड स्थित पार्टी के जिला कार्यालय पर सपा जिला अध्यक्ष अशोक चौधरी के नेतृत्व में हुई। इस अवसर पर अशोक चौधरी ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सोमवार 21 सितंबर को जनपद की प्रत्येक तहसील पर भाजपा की जन विरोधी नीतियों के विरोध में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के जन जन विरोधी नीतियों,भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, बेहाल किसान, महंगी शिक्षा, कोरोना काल में स्वास्थ्य घोटाले, गन्ना भुगतान, भूमि अधिग्रहण मुआवजा तथा महिला सुरक्षा आदि से संबंधित जन विरोधी नीतियों के विरोध में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
उसके नाद एसडीएम के माध्यम से प्रदेश की राज्यपाल को ज्ञापन भेजा जाएगा। सपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि तहसील ऊन में विधानसभा अध्यक्ष राव तफरूज, शरीफ प्रधान तथा नीरज पहलवान और तहसील कैराना में विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर सतपाल कश्यप, सलीम अंसारी और शामली तहसील में जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी तथा विधानसभा अध्यक्ष मांगेराम मलिक के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा जाएगा।
मीटिंग में जनपद की तीनों विधानसभा के अध्यक्षों की घोषणा भी की गई। शामली विधानसभा के लिए मांगेराम मलिक अध्यक्ष, कैराना के लिए डॉक्टर सतपाल कश्यप तथा थानाभवन विधानसभा के लिए राव तफरूज को अध्यक्ष तथा नासिर प्रधान को महासचिव बनाया गया है। बैठक की अध्यक्षता शरीफ प्रधान व संचालन जावेद जंग ने किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम प्रदीप सहपत, डॉक्टर राजपाल सिंह, मास्टर चंद्रपाल शर्मा, आबाद बाबरी, अब्दुल गफ्फार मलिक, शिवराज सिंह खोखर, रवि बालियान, प्रिंस कोरी, जबरदिन मलिक, कटार सिंह राणा, माजिद मलिक, भूपेंद्र चौधरी राणा, राहुल शर्मा,पाल सिंह, खुशनूद, ओम सिंह आदि उपस्थित रहे।

