- महानगर में फ्लाप तो देहात और कस्बों में सफल रहा बंद
- किसान संगठनों ने जगह-जगह किया चक्का जाम
जनवाणी टीम |
सहारनपुर: कृषि कानूनों को वापस लेने तथा अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के बंद के आह्वान का सहारनपुर में काफी असर देखा गया। हालांकि, महानगर में बंद विफल रहा जबकि गांव-देहात में जगह-जगह सरकार के खिलाफ प्रदर्शन हुए।
भारतीय किसान यूनियन व अन्य किसान संगठनों ने गागलहेड़ी, सरसावा, नानौता, देवबंद, मिर्जापुर व नागल आदि में सड़कों पर जाम लगा दिया। रेल और बस यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।
कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर भारत बंद का ऐलान किया गया था। सोमवार को सुबह से ही किसान जगह-जगह एकत्र हो गए। अंबाला रोड के शाहजहांपुर, देहरादून हाइवे के हरौड़ा, नागल के टपरी मार्ग व नानौता के तीतरो रोड व रामपुर के दिल्ली रोड पर किसानों ने चक्का जाम कर दिया।
नागल में किसानों ने ट्रैक्टर लगाकर टपरी मार्ग को बंद कर दिया। किसानों के प्रदर्शन के चलते सभी जगह भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा। एसपी देहात अतुल कुमार शर्मा लगातार जायजा लेते रहे। महानगर में बंद का जरा सा भी असर नहीं दिखा।

