जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पंजाब में चरणजीत चन्नी की सरकार में काम-काज का बंटवारा हो गया है। सीएम चन्नी ने अपने पास सतर्कता, न्याय, नागरिक उड्डयन विभाग रखा है।
वहीं उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर रंधावा को गृह मंत्रालय, सहयोग और जेल का कार्यभार सौंपा गया है। दूसरे उपमुख्यमंत्री ओपी सोनी स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, रक्षा सेवा कल्याण और स्वतंत्रता सेनानियों के विभाग का काम देखेंगे।
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के मंत्रिमंडल में शामिल सभी मंत्रियों को सोमवार को पंजाब सिविल सचिवालय में कमरे अलॉट कर दिए गए।
सचिवालय प्रशासन विभाग की ओर से मंत्रियों और उनके स्टाफ के कमरों की जो व्यवस्था की गई है, उसके तहत उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा को मुख्यमंत्री के कमरे के साथ वाला वह कमरा अलॉट किया गया है, जो कैप्टन सरकार के समय मुख्यमंत्री के प्रिंसिपल सेक्रेटरी तेजवीर सिंह को दिया गया था। वहीं, दूसरे उपमुख्यमंत्री ओपी सोनी को सचिवालय की तीसरी मंजिल पर कमरा नंबर 31 व 32 अलॉट किए गए हैं।
वरिष्ठ मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा को छठी मंजिल पर कमरा नंबर 38 मिला है, जबकि मनप्रीत सिंह बादल को तीसरी मंजिल पर कमरा नंबर 15 व 19 अलॉट किया गया है।
तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा को सातवीं मंजिल पर कमरा नंबर 35, अरुणा चौधरी को छठी मंजिल पर कमरा नंबर 37, सुखबिंदर सिंह सरकारिया को पांचवीं मंजिल पर कमरा नंबर 25 व 27, राणा गुरजीत सिंह को पांचवीं मंजिल पर कमरा नंबर 21, रजिया सुलताना को छठी मंजिल पर कमरा नंबर 34 आवंटित किया गया है।
विजय इंदर सिंगला को पांचवीं मंजिल पर कमरा नंबर 30 व 31, भारत भूषण आशू को पांचवीं मंजिल पर कमरा नंबर 33, रणदीप सिंह नाभा को तीसरी मंजिल पर कमरा नंबर 20, डॉ. राजकुमार वेरका को सातवीं मंजिल पर कमरा नंबर 27, संगत सिंह गिलजियां को सातवीं मंजिल पर कमरा नंबर 31 व 33, परगट सिंह को छठी मंजिल पर कमरा नंबर पांच और गुरकीरत सिंह कोटली को तीसरी मंजिल पर कमरा नंबर 34 अलॉट किया गया है।
इनके अलावा मुख्यमंत्री के प्रिंसिपल सेक्रेटरी हुस्न लाल को दूसरी मंजिल पर मुख्यमंत्री कार्यालय में वही कमरा अलॉट किया गया है, जहां कैप्टन सरकार के समय मुख्यमंत्री के विशेष मुख्य सचिव सुरेश कुमार बैठते थे।

