जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: कांग्रेस में जारी घमासान के बीच शुक्रवार को भी नेतृत्व पर हमले का दौर जारी रहा। पार्टी में कभी महत्वपूर्ण पदों पर रहे पूर्व कांग्रेस नेता और पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह ने राहुल गांधी पर अपना हमला जारी रखा है। सिंह ने मीडिया से बात करते हुए न सिर्फ राहुल गांधी बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है। सिंह ने कहा है कि कांग्रेस में राहुल गांधी समेत कोई भी नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती देने लायक नहीं है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या राहुल गांधी पीएम मोदी को चुनौती दे सकते हैं, तो उन्होंने कहा, आपको ऐसा लगता है? क्या वो पीएम मोदी के सामने टिक सकते हैं? दोनों के बीच बहस करवा के देख लीजिए। आपने राहुल गांधी का इंटरव्यू टीवी पर देखा है। मोदी शानदार वक्ता हैं। वो निडर और दबंग हैं। वह (राहुल) उनके खिलाफ कुछ नहीं कर सकते। कांग्रेस में ऐसा कोई नहीं है जो मोदी को चुनौती दे सके क्योंकि मोदी शानदार वक्ता हैं।
नटवर सिंह ने कांग्रेस के क्षरण के लिए गांधी परिवार को जिम्मेदार ठहराया। पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की संभावनाओं पर सिंह ने कहा, मुझे नहीं लगता पार्टी भाजपा को हरा पाएगी। उनके पास कोई सलाहकार नहीं है लेकिन उनका मानना है कि वह (राहुल) तीसमार खां हैं। उन्होंने ये भी कहा कि राहुल बिना कोई पद संभाले पार्टी के सारे फैसले ले रहे हैं।

