- नॉर्दन रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल ने कहा कि बोर्ड को भेजा जाएगा पारित किया गया प्रस्ताव
- जीएम ने किया स्टेशन का निरीक्षण, कहा जो सुविधा नहीं वह जल्द मिलेंगी
- नई इमारतों का भी किया उद्घाटन
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नॉर्दन रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल ने कहा कि पानीपत रेलवे लाइन की सौगात भी जल्द ही मिल सकती है। मेरठ-पानीपत रेलवे लाइन के लिए मंडल द्वारा स्वीकृति प्रदान कर बोर्ड को प्रस्ताव भेजा गया। इसके अलावा मेरठ-हस्तिनापुर रेलवे लाइन के लिए भी प्रस्ताव भेजा जा सकता है।
मेरठ दौरे पर आए महाप्रबंधक ने स्टेशन का निरीक्षण किया और नवनिर्मित इमारत का उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने स्टेशन पर सभी सुविधाओं को जायजा लिया और अधिकारियों से वार्ता भी की। उन्होंने कहा कि जो सुविधाएं नहीं है उनको देने का प्रयास भी जल्द किया जा रहा है।नॉदर्न रेलवे के महाप्रबधंक ने करीब एक घंटे तक सिटी स्टेशन का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने सबसे पहले गार्ड रनिंग रूम और महिला लोको पायलट लॉबी का उद्घाटन किया।
स्टेशन पर गार्ड रनिंग रूम का नवीनिकरण किया गया और महिला लोक पायलट रूम का निर्माण किया गया है। इसके बाद उन्होंने रेलवे स्टेशन का स्वास्थ्य केंद्र, रेलवे कालोनी, कोच सिक लाइन, कैंप कोच, आरआरआई बिल्डिंग का निरीक्षण किया। साथ ही कालोनी और आरआरआई में एसी यूनिटों के लिए रिमोट निगरानी प्रणाली का भी निरीक्षण कर परखा। इसके अलावा उन्होंने पत्रकार वार्ता करते हुए बताया कि मेरठ-पानीपत रेलवे लाइन के लिए मंडल द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है और रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव प्रेषित कर दिया गया है। इसके बाद सरकार द्वारा मंजूरी प्रदान कर जैसे ही पैसा जारी किया जाता है, तभी कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान दिल्ली मंडल की डीएआरएम डिंपी गर्ग, स्टेशन अधीक्षक आरपी सिंह आदि मौजूद रहे।

सेंसर से संचालित लाइटों का हुआ उद्घाटन
सिटी स्टेशन पर अत्याधुनिक सेंसर से संचालित लाइटों का भी उद्घाटन जीएम ने किया। बता दें कि 70-30 प्रतिशत लाइट सिस्टम द्वारा स्टेशन पर ट्रेन से यात्रियों के उतरते ही लाइटें खुद ही जल जाएंगी। यह प्रणाली सेंसर द्वारा कार्य करती है। यह आधुनिक तकनीक अभी तक यूपी में किसी भी रेलवे स्टेशन पर नहीं थी, पहली बार इसको मेरठ सिटी स्टेशन पर ही इस्तेमाल किया जा रहा है। उधर, रेलवे स्टेशन परिसर में लगे एचआर मेले का महाप्रबंधक ने उद्घाटन किया। मेले में विभिन्न कंपनियों द्वार स्टॉल गए।
जीएम को सौंपा ज्ञापन
जेडआरयूसीसी उत्तर रेलवे के सदस्य अंकित चौधरी ने कार्यकर्ताओं सहित जीएम को ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने हस्तिनापुर से दिल्ली तक ट्रेन चलाने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि स्टेशन पर विश्राम गृह में बेड संख्या भी बढ़ाई जाए। साथ ही बंद पैसेंजर गाड़ियों के संचालन की भी मांग की गई।
जीएम गंगल ने कहा कि प्लेटफार्म नंबर तीन और चार पर स्वचलित सीढ़ियां जल्द ही लगवाई जाएंगी। साथ ही लल्लापुरा के पास अंडरपास भी बनाया जाएगा इसके लिए जल्द कार्य शुरु होगा। दिव्यांगों के लिए इलेक्ट्रिक कुर्सियां लगाने की भी बात उन्होंने कही। नौचंदी ट्रेन उठ रही कोच बढ़ाने की मांग को लेकर उन्होंने कहा कि ट्रेन में 24 कोच किए जाएंगे। ऐसे में शनिवार से अब नौचंदी 24 कोच के साथ पटरी पर दौड़ेगी।

दौराला रेलवे स्टेशन का भी किया निरीक्षण
शुक्रवार को रेलवे के जीएम आशुतोष डीआरएम डिंपी गर्ग सहित रेलवे के तमाम अधिकारियों एवं इंजीनियरों की एक टीम करीब दोपहर में दो बजे एक विशेष ट्रेन से दौराला रेलवे स्टेशन पर पहुंची और रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के दौरान रेलवे के जीएम आशुतोष ने फुटपाथ ओवर ब्रिज सहित रेलवे स्टेशन रेलवे परिसर की भूमि का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे जनरल मैनेजर ने मूल परीक्षक रूम का फीता काटकर उद्घाटन किया।
इस दौरान व्यापार संघ के अध्यक्ष ठाकुर हरपाल सिंह, दौराला नगर पंचायत चेयरपर्सन पति नवीन शर्मा, भाकियू नेता प्रशांत चौधरी ने अपनी समस्या रखी। व्यापार संघ के पदाधिकारियों को उनकी सभी मांगें मानने नाइन बी कॉलोनी के सामने रेलवे विभाग द्वारा बंद गए बंद किए गए मुख्य मार्ग को दो दिन के अंदर खुलवाए जाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा उन्होंने दौराला रेलवे स्टेशन के अधिकारियों को दौराला स्टेशन से मालगाड़ी में लोडिंग एवं अनलोडिंग का कार्य बढ़ाए जाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा रेलवे के तमाम अधिकारियों ने क्षेत्र के अनेक शुगर मिलो से भारी तादाद में चीनी की अनलोडिंग और लोडिंग का उन्हें भरोसा दिलाया। इसके अलावा व्यापार संघ के अध्यक्ष ठाकुर हरपाल सिंह ने रेलवे विभाग के जीएम से करीब 15 मिनट तक बात की और रेलवे विभाग को फायदा पहुंचाए जाने जैसी अनेक जानकारियां दी जीएम ने व्यापारियों की समस्या को दूर करने के निर्देश भी जारी किए।
व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने रेलवे जनरल मैनेजर मांगों का ज्ञापन भी सौंपा। मौके पर मनिंदर भराड़ा, सचिन उपाध्याय, दीपक चौहान, अशोक जैन, नगर पंचायत चेयरपर्सन पति नवीन शर्मा, अनिल रस्तोगी, जितेंद्र रस्तोगी, सलीम मलिक, रामनिवास बंसल, नरेंद्र जैन, जहीर अहमद, शिवकुमार शर्मा, लोकेश चौहान, पार्षद राकेश गुप्ता, मनोज कश्यप, अंकित कश्यप, सुभाष, राजवीर, सत्येंद्र शर्मा, पप्पू शर्मा आदि मौजूद रहे।

