- गंभीर हालात में अस्पताल में दाखिल, क्षेत्र में दहशत
जनवाणी संवाददाता |
रामपुर मनिहारान: क्षेत्र में दिन निकलते ही मामूली बात को लेकर बदमाशों ने ढाबा संचालक को गोली मार दी। परिजनों द्वारा चीख पुकार व गोली की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। इससे पूर्व बदमाश फरार हो गये।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लहूलुहान ढाबा संचालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी।
थाना रामपुर मनिहारान के गांव सढौली दुलीचंदपुर में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सुरेंद्र सैनी का शांकुमभरी ढाबे के नाम से ढाबा है। शनिवार सुबह करीब 8 बजे सुरेंद्र अपने ढाबे पर था। उसके साथ उसकी पत्नी और बेटा भी थे।
घायल सुरेंद्र के बेटे ने बताया कि तीन बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और मोबाइल रखने के लिए पॉलिथीन मांगी। ढाबा संचालक सुरेंद्र सैनी ने पॉलिथीन दे दी। लेकिन बदमाशों ने पॉलिथीन लेकर तमंचा दिखाया और बोले, हमें मोबाइल नहीं यह रखना है। जिसके बाद सुरेंद्र ने कहा कि मैंने पॉलिथीन दे दी है, अब चाहे जो रखों।
लेकिन यहां से चले जाओ। जिस पर बदमाश भड़क गए और सुरेंद्र की बाई जांघ पर गोली मार दी और बाइक पर बैठकर फरार हो गए। घायल सुरेंद्र के परिजनों द्वारा शोर मचाने पर ढाबे पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। गोली की आवाज और सुरेंद्र की पत्नी व बेटे के शोर मचाने पर ग्रामीण भी ढाबे पर एकत्रित हो गए।
ग्रामीणों ने 102 नंबर पर फोन कर सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के माध्यम से घायल सुरेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इस संबंध में एसएसआई प्रवीण शर्मा का कहना है कि ढाबा संचालक को गोली लगी है। पुलिस द्वारा बदमाशों की तलाश की जा रही है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी है।

