- कौशांबी डिपो से की गई चोरी, पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया
जनवाणी संवाददाता |
खरखौदा: जनपद गाजियाबाद के कौशांबी बस डिपो से चोरी हुई रोडवेज की अनुबंधित बस सोमवार हापुड़ मार्ग पर बिजली बंबा पुलिस चौकी के पास प्लॉट में कटती पाई गई। बस स्वामी की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस काट रहे तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
दिल्ली निवासी ट्रांसपोर्टर मोहित के अनुसार उनकी बसे रोडवेज में अनुबंधित के रूप में चलती है। जिसमें बस संख्या यूपी-15बीटी 7065 गाजियाबाद के कौशांबी डिपो से खुर्जा के लिए चलती थी। शनिवार शाम बस खुर्जा से चक्कर लगाकर वापस कौशांबी पहुंची और चालक गाड़ी को बस अड्डे में खड़ी कर चला गया। बस में जीपीएस सिस्टम लगा हुआ था।
देर रात्रि बस को चोर चोरी कर ले गए और सिस्टम को वही निकालकर फेंक गए। रविवार सुबह बस चोरी की सूचना मिलने पर गाड़ी स्वामी बस अड्डे पहुंचे और खोजबीन करने के बाद स्थानीय पुलिस को थाने पहुंच बस चोरी की तहरीर दी। वहीं, स्वयं भी गाड़ी की खोजबीन करनी शुरू कर दी। रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के अनुसार बस मेरठ रोड पर जाती दिखाई दी।
पीछा करते हुए सोमवार सुबह बस की जानकारी हापुड़ रोड पर एक प्लॉट में होने की मिलने पर मौके पर पहुंच गए। जहां कुछ लोग बस की बॉडी को काट रहे थे। बस की बॉडी कटती देख उसकी जानकारी बिजली बंबा पुलिस चौकी को दी। जिस पर चौकी से पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देख कुछ लोग मौके से फरार हो गए। वहीं, पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
वहीं, चौकी प्रभारी ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। जिस पर एएसपी किठौर चंद्रकांत मीणा थाना प्रभारी दिनेश उपाध्याय मौके पर पहुंचे और कट रही बस को कब्जे में लेकर हिरासत में लिए तीनों लोगों को थाने ले आई। वहीं, थाना प्रभारी ने बताया कि जांच की जा रही है। जांच के बाद उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मेरठ-हापुड़ मार्ग पर पीएसी के सामने अवैध रूप से प्लॉट पर कब्जा कर बॉडी मेकर का काम किया जा रहा है। चोरी की बस को भी उसी प्लॉट में काटा जा रहा था। उस प्लॉट पर एमडीए व काजीपुर निवासी काले अपना-अपना हक जता रहे हैं। जिसके चलते मामला कोर्ट में विचाराधीन है। जिस पर मेरठ निवासी चांद व सरताज आदि ने अवैध रूप से कब्जा कर बॉडी मेकर का कार्य शुरू कर दिया।