- एमओआईसी का जवाब तलब करने व चरित्र पंजिका में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज कराने के निर्देश
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: टीकाकरण कार्य में प्रदेश स्तर पर निम्नतम स्थान पाए जाने पर डीएम ने की कड़ी नाराजगी व्यक्त। कम प्रगति पाए जाने पर एमओआईसी का जवाब तलब करने व चरित्र पंजिका में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के सीएमओ को निर्देश देते हुए टीकाकरण कार्य की प्रगति को मानक के अनुरूप लाने के लिए आदेशित किया।
मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिला टास्क फोर्स की बैठक में डीएम रमाकांत पांडेय ने टीकाकरण कार्य में प्रदेश स्तर पर 74वें स्थान पर पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए एमओआईसी नजीबाबाद तथा नगीना के विरूद्व लिखने तथा उनका जवाब तलब करने के निर्देश सीएमओ को दिए।

इसी के साथ उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि टीकाकरण कार्य सहित जिस स्तर पर भी कार्य की प्रगति मानक के अनुरूप न पाई जाए, तत्काल संबंधित के विरूद्व कार्यवाही अमल में लाए। जिले में अच्छा इन्फ्रास्ट्रक्चर होने के बावजूद टीकाकरण कार्य में जिले की प्रगति अत्यंत खराब है, जिसका स्पष्ट मतलब है कि एमओआईसी इस महत्वपूर्ण कार्य को गंभीरता से नहीं ले रहे।
एक माह के भीतर स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होता है तो संबंधित एमओआईसी के विरूद्व कार्यवाही की जाएगी और उनके स्थान पर अन्य एमओआईसी को नियुक्त किया जाएगा।
यह स्थित किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जो अधिकारी या कर्मचारी शिथिलता एवं लापरवाही के दोषी पाए जाएंगें, उनके विरूद्व सख्त कार्यवाही होगी। जिन एमओआईसी की स्थिति खराब है, उनका स्पष्टीकरण तलब करते हुए उनके विरूद्व शासन को पत्र के माध्यम से अवगत कराएं।
उन्होंने टीकाकरण कार्य में ड्यू लिस्ट अपडेट न करने, कार्य का फॉलोअप एवं माईक्रो प्लान तैयार न करने, नियमित रूप से बैठकों का आयोजन आदि न करने वाले एमओआईसी के खिलाफ भी कार्यवाही करे।
इस अवसर पर सीडीओ केपी सिंह, सीएमओ डा. विजय कुमार यादव, सभी एसीएमओ, एमओआईसी आदि मौजूद रहे।

