- पुलिस ने बामुश्किल खुलवाया जाम निकलवाई एंबुलेंस
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सोमवार दोपहर एक बार फिर शहर जाम की चपेट में आ गया। वेस्टर्न कचहरी रोड, बच्चा पार्क, मेघदूत पुलिया समेत कई चौराहों पर भीषण जाम लग गया। एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, जिसके बाद पुलिस ने आनन-फानन में जाम को खुलवाया और एंबुलेंस को निकलवाकर रोड सुचारू कराया।
शहर के अधिकांश चौराहों पर सुबह 10 बजे से ही जाम की स्थिति बनने लगी थी। दोपहर को तो मानों शहर थम सा गया। वेस्ट एंड रोड स्थित स्कूलों की छुट्टी होने पर ट्रैफिक पुलिस यातायात संभालने में लग गई। इसके बाद भी लोगों को आधा घंटा जाम में जूझना पड़ा।
ट्रैफिक पुलिस का फोकस वेस्ट एंड रोड और माल रोड पर था, लेकिन शहर के अन्य चौराहों पर भी भीषण जाम लग गया। मेघूदत पुलिया पर तो जाम में एक एंबुलेंस भी फंसी रही। एंबुलेंस चालक लगातार सायरन बजाता रहा, लेकिन किसी ने भी रास्ता नहीं दिया। इसके बाद मौके पर पुलिसकर्मी पहुंचे और किसी तरह जाम को खुलवाकर एंबुलेंस को निकलवाया।
कोई सिस्टम नहीं करता काम
यातायात पुलिस की मानें तो शहर के चौराहों पर अलग-अलग तरीके से जाम से निजात पाने के लिए व्यवस्था बनाकर देखी गई है, लेकिन कोई सिस्टम काम ही नहीं करता। कमिश्नरी चौराहे, तेजगढ़ी चौराहा समेत कई चौराहों पर लालबत्ती लगाई गई। चौराहों को लालबत्ती के अनुसार चलाने का प्रयास किया, लेकिन जाम की स्थिति और खराब हो गई। जिसके चलते चौराहों को फ्री करना पड़ा। सोमवार को कई चौराहों पर जाम लगा, जिसे खुलवाने के लिए पुलिस दिनभर मशक्कत करती है।

