- दिन-रात के लिये अलग-अलग ड्यूटी निर्धारित
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मतगणना को 25 दिन शेष रह गये हैं। ऐसे में अधिकारियों को चौबीसों घंटों नजर रखने के लिये मतगणना स्थल पर लगाया गया है। सोमवार को डीएम ने कई अधिकारियों को यहां मतगणना स्थलों की जिम्मेदारी सौंपी थी। मंगलवार को अधिकारियों ने यहां ड्यूटी संभाली और यहां लोहिया नगर मंडी परिसर में स्थित मतगणना स्थल पर बेरिकेडिंग भी बढ़ा दी गई।
बता दें कि मेरठ में लोहिया नगर सब्जी मंडी और कृषि विवि में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। यहां अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती पहले की कर दी गई थी। अब सोमवार को यहां जिला प्रशासन की ओर से अन्य अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। जिसमें विधानसभा क्षेत्र 43-सिवालखास, 44-सरधना व 45-हस्तिनापुर के स्ट्रांग रूम/मतगणना स्थल सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के लिए मुख्य विकास अधिकारी शशांक चौधरी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड भवन लोनिवि मेरठ, सहायक अभियंता एमडीए रविंद्र गुप्ता तथा विधानसभा क्षेत्र 46-किठौर, 47-मेरठ कैन्ट, 48-मेरठ व 49-मेरठ दक्षिण के स्ट्रांग रूम/मतगणना स्थल लोहियानगर हापुड़ रोड स्थित फल एवं सब्जी मंडी मेरठ के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज वर्मा, अपर नगर मजिस्टेÑट चतुर्थ, मेरठ, अधिशासी अभियंता नगर निगम विकास कुरील, अधिशासी अभियंता प्रा. खंड लोनिवि मेरठ, सहायक नगर आयुक्त नगर निगम ब्रजपाल तथा सहायक अभियंता एमडीए विवेक शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंगलवार को सभी अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारी संभाली ओर परिसर के बाहर ही मुख्य द्वार पर पुलिस बल को भी तैनात करा दिया गया। यहां से कोई भी अब बिना परमिशन अंदर नहीं जा सकेगा।
मंडी परिसर में और अधिक कराई बेरिकेडिंग
लोहिया नगर सब्जी मंडी में बने स्ट्रांग रूम पर ड्यूटी लगते ही यहां प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अपनी जिम्मेदारी संभाली और उन्होंने स्ट्रांग रूम के पास ही और अधिक बेरिकेडिंग करा दी। यहां पर अब बेरिकेडिंग की संख्या और बढ़ा दी गई है। इसके अलावा परिसर के मुख्य द्वार भी बेरिकेडिंग लगवा दी गई है। जिससे यहां कोई भी वाहन अंदर प्रवेश न कर सके। अगर कोई अधिकारी भी यहां पहुंचते हैं तो उनके वाहन भी यहां परिसर के बाहर ही खड़े होंगे।

