- भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ कार्यक्रम
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई मंडी मुजफ्फरनगर में हिंदू हृदय सम्राट छत्रपति शिवाजी महाराज तथा माधव राव सदाशिव राव गोलवलकर की जयंती बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।

छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर मुख्य वक्ता पिंकी जैन जी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि जब संपूर्ण भारत पर मुगलों का आधिपत्य था, तब शिवाजी महाराज ने एक ऐसे साम्राज्य की स्थापना की, जिसमें सभी धर्मों को मानने वालों का पूर्ण सम्मान होता था। उन्होंने बताया कि उनकी सेना में सभी धर्म जाति के व्यक्ति थे, जिनका संपूर्ण जीवन देशभक्ति और देश प्रेम के लिए समर्पित रहा।
इसी श्रंखला में परम पूज्य माधव राव सदाशिव राव गोलवलकर की जयंती के अवसर पर मुख्य वक्ता अनु शुक्ला ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि यह स्वयंसेवक संघ के द्वितीय सरसंघचालक एवं हिंदू हृदय सम्राट के रूप में जाने जाते हैं।
उनका संपूर्ण जीवन भारत को पुनः अखंड भारत , वैभव संपन्न, शांतिप्रिय ,धर्मनिरपेक्ष एवं विश्व गुरु बनाने के लिए समर्पित रहा। उनकी विचारधारा भारतीय शिक्षा, चिकित्सा, उच्च शिक्षा को उच्च कोटि प्रदान करने के लिए अग्रसर रही। जिसका लाभ संपूर्ण भारतवासियों को मिल सके और भारत पुनरू आत्मनिर्भर एवं विश्व गुरु के रूप में इस संपूर्ण विश्व में अपना विशेष स्थान रखें।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा गोयल ने हिंदू हृदय सम्राट छत्रपति शिवाजी महाराज एवं परम पूज्य माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर जी के चरणों में अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए और सभी को उनके जीवन से प्रेरणा लेने के लिए कहा। इस अवसर पर सभी आचार्य व आचार्या उपस्थित रहे ।

