- भगवान का किया शुक्रिया, परिवार को लेकर लॉबी में खड़े रहे
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: अंसल कोर्टयार्ड में सिपाही मनोज शर्मा के घर में लगी आग से पूरी कॉलोनी में हलचल पैदा हो गई। आग की लपटों को देख वहां पर रह रहे लोगों की सांसें थम गई। दूर-दूर तक आग की लपटें दिखाई दे रही थी। जिसमें परिवार भी फंसा हुआ था। किसी तरह परिवार की जान बची और आग पर काबू पाया।

अंसल कोर्टयार्ड की सातवीं मंजिल पर रह रहे कंकरखेड़ा में तैनात सिपाही मनोज शर्मा का कुछ समय से पैर टूटा हुआ है। जिस कारण से उनके पैर पर प्लास्टर चढ़ा हुआ है और वह घर पर ही आराम कर रहे थे। उसी समय आग लग गई। आग लगने से वहां पर हलचल पैदा हो गई और आसपास के लोग भी घबरा गए।
आग देखकर मनोज शर्मा की बहन अनीता शर्मा ऊपर पहुंची और उसने हिम्मत करते हुए अपने भाई और भतीजी अन्वी अनाया को मां से लॉबी में ले गई। जब तक आग बुझी, तब तक पर परिवार के सदस्य वहीं पर खड़े रहे। इस बीच आसपास के लोग भी आग को लेकर काफी परेशान थे। आग बुझने के बाद पत्नी बोली कि है भगवान आज तो तू ने बचा लिया। मौत सामने थी और आग से डर लग रहा था।
आग से हुआ लाखों का नुकसान
मनोज शर्मा के घर में आग लगने के कारण कई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घर में रखा कोई भी सामान नहीं बचा है। किचन भी पूरी तरह से जल गई है। बेडरूम, अलमारी, एलईडी, एसी, इनवर्टर समेत अन्य सामान पूरी तरह से जलकर राख हो गया। जिस कारण से करीब 12 से 14 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। परिवार के लोग इस घटना से परेशान हैं।
फिर देर से पहुंची फायर ब्रिगेड
अंसल कोर्टयार्ड की सातवीं मंजिल में आग लग गई। करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कॉलोनी के लोगों ने आग पर काबू पा लिया। फायर ब्रिगेड की टीम गाड़ी मौके पर पहुंची थी। उससे पहले ही आग पर काबू पा लिया। लोगों का कहना है कि हमेशा यही रहता है। जब बड़ी घटना हो जाती है, उसके काफी देर बाद फायर ब्रिगेड पहुंची है। अगर समय से पानी की व्यवस्था न होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। आग बुझाने पर ही लोगों ने राहत की सांस ली है।

