- पिकेट पर तैनात दर्जनों पुलिसकर्मियों के बावजूद नहीं बच पाई थी छात्रा की जान
- दैनिक जनवाणी ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर उठाया था सवाल
जनवाणी संवाददाता |
भोपा: श्रावण मास को देखते हुए कावड़ियों के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजामों का ढोल बजाने वाले प्रशासन ने चलती बस से गंग नहर में कूदकर जान देने वाली छात्रा के मामले में हुई किरकिरी के बाद घटना की सुध लेते हुए, गंग नहर पुल पर सैकड़ों लोगों की जान बचाने वाले भोपा निवासी गोताखोरों को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराई है। बुधवार को छात्रा की मौत के बाद दैनिक जनवाणी ने गंग नहर पुल पर कांवड़ियों के लिए सुरक्षा इंतजामो को लेकर सवाल उठाए थे।
सुसाइड पाइंट के रूप में विख्यात भोपा गंग नहर पुल पर बुधवार को चलती बस से कूदकर छात्रा ने मौत को गले लगा लिया। वही कांवड़ यात्रा के चलते चाक चौबंद व्यवस्थाओ का दावा करने वाला प्रशासन डूबती छात्रा की जान बचाने में नाकाम साबित हुआ था और मूकदर्शक बना खड़ा रहा था। बुधवार को मोरना से मुजफ्फरनगर जा रही बस में सवार क्षेत्र के इंटर कालेज की एक छात्रा ने चलती बस से गंग नहर में कूदकर मौत को गले लगा लिया था। गंग नहर पुल के पास में ही रहने वाले राजीव वाल्मीकि ने छात्रा को बचाने का भरसक प्रयास किया था।
परंतु वह गहरे पानी में समा गई थी युवती के बैग से मिले कागजात से पुलिस ने युवती की पहचान थाना क्षेत्र के गांव छछरौली निवासी रश्मि के रूप में की थी। वह किताब लेने के लिए घर से निकली थी जिस समय युवती ने गंग नहर में कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त की। उस समय श्रावण मास में कावड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए दर्जनों पुलिसकर्मी गंग नहर पर बनी पिकेट पर तैनात थे। युवती डूबती रही और पुलिसकर्मी पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण मूकदर्शक बने खड़े देखते रहे थे। युवती की मौत के बाद शासन प्रशासन में हड़कंप मच गया था गुरुवार को प्रशासन ने घटना की सुध लेते हुए भोपा के गंग नहर पुल पर भोपा निवासी दो गोताखोरों राजीव व मिंटू को तैनात करते हुए उन्हें लाइफ जैकेट उपलब्ध कराई है।
गुरुवार को भी चलता रहा आत्महत्या के प्रयासों का सिलसिला
सुसाइड प्वाइंट पर आने वाले लोगों के मानसिक अवसाद की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चलती बस से छात्रा के आत्महत्या करने के बाद भी आत्महत्या के प्रयासों का यह सिलसिला लगातार जारी रहा। गनीमत रही कि भोपा पुल पर तैनात पुलिसकर्मियों ने इन प्रयासों को नाकाम कर दिया। बुधवार को छात्रा की मौत के कुछ ही देर बाद एक महिला आत्महत्या के इरादे से गंग नहर पुल पर पहुंच गई। जिसे पुलिसकर्मियों ने समझा-बुझाकर घर भेजा वही गुरुवार को भी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला आत्महत्या के इरादे से गंग नहर पर पहुंच गई। जिसे पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने समझा-बुझाकर बुढ़ाना क्षेत्र के मायके में भिजवाया पुलिस ने अभी राहत की सांस ली ही थी कि दोपहर को क्षेत्र के ही भोकरहेड़ी निवासी एक नाबालिग आत्महत्या के इरादे से गंग नहर पर पहुंच गई। जिसे कांवड़ शिविर पर बैठे श्रद्धालुओं और पुलिसकर्मियों ने किसी तरह समझाया बुझाया और परिजनों को मामले की सूचना दी।

