जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की करीब 91 वर्षीय मां इंद्रावती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए सरकार से मामले का गंभीरता से संज्ञान लेने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मायावती ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि अंबेडकरनगर में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की करीब 91 वर्षीय बुजुर्ग मां की हत्या बेहद दुखद और प्रदेश की कानून-व्यवस्था के लिहाज से अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना से आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।
मायावती ने पूछा- पुलिस अधिकारी का परिवार सुरक्षित नहीं तो आमजन का क्या?
बसपा प्रमुख ने कहा कि यदि किसी पुलिस अधिकारी के परिवार के साथ हत्या जैसी जघन्य घटना हो सकती है, तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर आशंका होना स्वाभाविक है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से घटना का उचित संज्ञान लेने तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
घर में मिला था बुजुर्ग महिला का शव
जानकारी के मुताबिक, इंद्रावती अंबेडकरनगर के मालीपुर थाना क्षेत्र के रुधा धमरुआ गांव स्थित पैतृक आवास में रहती थीं। रविवार को उनकी देखभाल करने वाली महिला जब घर पहुंची तो इंद्रावती का शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में महिला के कुछ जेवर गायब मिले हैं, जिसके चलते लूट के बाद हत्या की आशंका भी जताई गई। हालांकि पुलिस ने अभी किसी एक कारण की पुष्टि नहीं की है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
तीन संदिग्ध हिरासत में, CCTV और सर्विलांस से जांच
पुलिस ने मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। घटनास्थल के आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
मायावती की इस प्रतिक्रिया के बाद मामले को लेकर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है। अब पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि बुजुर्ग महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

