जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने यूपी होमगार्ड भर्ती 2025 के तहत दस्तावेज सत्यापन (DV) और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
इस भर्ती अभियान के जरिए प्रदेश में होमगार्ड के कुल 41,424 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती की लिखित परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को आयोजित हुई थी। परीक्षा परिणाम के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए बुलाया गया है।
बोर्ड के अनुसार, दस्तावेज सत्यापन (DV) और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) की प्रक्रिया 13 जुलाई 2026 से शुरू होगी। यह प्रक्रिया प्रदेश के सभी जिलों की रिजर्व पुलिस लाइनों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी। सभी पात्र अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों एवं उनकी प्रतियों के साथ परीक्षा केंद्र पर समय से उपस्थित हों।

