जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अपने आध्यात्मिक सफर की ओर एक कदम और बढ़ाया है। मंगलवार को विराट कोहली वृंदावन स्थित प्रसिद्ध केलीकुंज आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उनकी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी उनके साथ मौजूद थीं।
पहले भी कईं बार वृंदावन जा चुके हैं विराट
विराट और अनुष्का इससे पहले भी कई बार महाराज जी से मिल चुके हैं और आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त करते रहे हैं। आश्रम में कुछ समय बिताने के दौरान दोनों ने साधु-संतों से भी बातचीत की और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
आध्यात्मिक झुकाव पर चर्चा
बताया जा रहा है कि विराट और अनुष्का पिछले कुछ वर्षों से अध्यात्म की ओर झुकाव रखते हैं और नियमित रूप से विभिन्न धार्मिक स्थलों का भ्रमण करते रहे हैं। उनके इस दौरे को निजी और शांतिपूर्ण रखने की कोशिश की गई, लेकिन जैसे ही उनके आश्रम पहुंचने की खबर फैली, बड़ी संख्या में प्रशंसक और श्रद्धालु भी पहुंच गए।
Social Media पर वायरल तस्वीरें
विराट और अनुष्का की आश्रम में महाराज जी के साथ ली गई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें दोनों को श्रद्धा और सम्मान के साथ आशीर्वाद लेते हुए देखा जा सकता है।
महाराज प्रेमानंद जी से विराट ने क्या पूछा?
बातचीत के दौरान विराट ने महाराज से पूछा, “असफलता से कैसे उबरें?” महाराजजी ने मुस्कुराते हुए बोला, “लगातार अभ्यास करते रहो, सफलता तय है। अपने अभ्यास में निरंतरता और संयम बनाए रखो। जैसे मेरे लिए नाम जप एक साधना है, वैसे ही तुम्हारे लिए क्रिकेट भी एक साधना है। बीच-बीच में ईश्वर का स्मरण करते रहना।”
हमें ईश्वर का चिंतन करते हुए धैर्य बनाए रखना चाहिए: प्रेमानंद महाराज
उन्होंने आगे कहा, “असफलता के समय हमें ईश्वर का चिंतन करते हुए धैर्य बनाए रखना चाहिए। यह आसान नहीं है। ऐसे वक्त में अगर कोई मुस्कराते हुए संयम रख पाए, तो वह वास्तव में महान होता है। याद रखो, असफलता स्थायी नहीं होती। जैसे दिन के बाद रात और रात के बाद दिन आता है, वैसे ही कठिन समय भी गुजर जाएगा।
लेकिन चुनौती यह है कि असफलता में वह सम्मान नहीं मिलता जो सफलता में मिलता है, और यहीं पर मनोबल की असली परीक्षा होती है।” आपको बता दें कि विराट पहली बार 2023 में प्रेमानंद महाराज जी से मिले थे।

