जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू किए जाने को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने यूसीसी के मुद्दे को जनता का ध्यान भटकाने वाला बताया। यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा जिन मुद्दों को उठा रही है, उनमें से कई का उद्देश्य मूल समस्याओं से ध्यान हटाना है।
अखिलेश यादव ने यूसीसी की व्याख्या करते हुए इसे ‘अंडरग्राउंड कम्युनल कांस्पिरेसी’ बताया। उन्होंने भाजपा पर उसके पुराने वादों को लेकर भी सवाल उठाए। यादव ने कहा कि पहले हर खाते में 15 लाख रुपये और दो करोड़ नौकरियां देने जैसे पुराने वादों को पूरा किया जाए, उसके बाद नए वादों या मुद्दों की बात की जाए।
यूपी की प्रशासनिक व्यवस्था पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई है और भ्रष्टाचार बढ़ गया है। यादव ने दावा किया कि प्रदेश के भविष्य और लोकतंत्र के हित में भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) को एकजुट कर उत्तर प्रदेश से भाजपा सरकार को हटाने के लिए काम कर रही है।
सरकार की योजनाओं और कानून-व्यवस्था पर आरोप
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपने स्तर पर कोई नई योजना लागू करने में सफल नहीं रही और प्रदेश में दिखाई देने वाले कई विकास कार्य पिछली सपा सरकार के समय के हैं।
यादव ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद महिला अपराध, कथित फर्जी एनकाउंटर और पुलिस हिरासत में मौतों के मामलों में उत्तर प्रदेश की स्थिति बेहद खराब रही है।

