जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय महासचिव मुज्तबा एडवोकेट ने कहा है कि इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती के साथ कायम है और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी कांग्रेस की वरिष्ठ सहयोगी है।दैनिक जनवाणी से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस से चुनाव लड़ने वालों की लंबी कतार प्रदेश के हर जिले और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मौजूद है।
सभी वर्गों के वरिष्ठ नेता पार्टी में सक्रिय हैं, लेकिन कौन नेता किस सीट से चुनाव लड़ेगा, इसका अंतिम निर्णय इंडिया गठबंधन के सहयोगी दल आपसी सहमति से तय करेंगे।उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को हराना है तो गठबंधन ही सबसे बड़ा और प्रभावी विकल्प है। अगर विपक्षी दल एकजुट नहीं हुए तो आने वाले पांच वर्षों तक जनता और विपक्ष दोनों को पछताना पड़ेगा।
मुज्तबा एडवोकेट ने कहा कि फिलहाल इंडिया गठबंधन पूरी तरह वजूद में है और समय आने पर सीटों तथा उम्मीदवारों को लेकर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी इस विषय पर किसी भी प्रकार की टिप्पणी करना उचित नहीं है।उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस की लड़ाई भारतीय जनता पार्टी से है, न कि समाजवादी पार्टी या अन्य छोटे दलों से।

