- सूचना मिलते ही सीओ व कोतवाल ने किया मौके का निरीक्षण
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: नजीबाबाद के आदर्श नगर में असामाजिक तत्वों ने शिव मंदिर पर मां शेरावाली की मूर्ति को खंडित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही श्रद्धालुओं में आक्रोश व्याप्त हो गया। वहीं सूचना मिलते ही सीओ व कोतवाल टीम के मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। सीओ ने पुलिस को घटना में संलिप्त लोगों को चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं।
रविवार की सुबह जब मंदिर के पुजारी घसीटा सिंह आदर्शनगर के गली नंबर 11 ए के सामने स्थित शिव मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए खोलने गए तो उन्होंने देखा कि मंदिर में स्थापित मां शेरावाली की मूर्ति के दोनों हाथ खंडित कर दिए गए हैं पुजारी घसीटा सिंह ने जब इसकी जानकारी श्रद्धालुओं को दी तो उनमें रोष व्याप्त हो गया, और तमाम श्रद्धालु व मंदिर कमेटी के लोग रितेश सेन, भगवान दास, संजय प्रधान, ताराचंद आदि मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सीओ गजेंद्र पाल सिंह, कोतवाल सत्य प्रकाश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ गजेंद्र पाल सिंह व कोतवाल ने श्रद्धालुओं से मामले की जानकारी ली। क्षेत्रीय लोगों ने सीओ को बताया कि डिपो के पीछे मंदिर की दीवार की ऊंचाई कम होने के कारण संभवत असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की नीयत से दीवार फांद कर मंदिर के अंदर पहुंचे और उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया।
सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्यपाल सिंह को तत्काल ऐसे लोगों को चिन्हित करने व कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, उधर मंदिर कमेटी के लोगों ने जिला प्रशासन व स्थानीय प्रशासन से भी इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि तत्काल ऐसे लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। वहीं श्रद्धालु रितेश सेन ने बताया कि मां शेरावाली की मूर्ति को विसर्जित करा कर नई मूर्ति को स्थापित कराने का कार्य किया जा रहा है।

