- थानेदार, एसएसआई, सीनियर उपनिरीक्षक व हैड मोहर्रिर
जनवाणी संवाददाता |
झिंझाना: मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए चल रहे अभियान के तहत छात्राओं को एक दिन का थानेदार व अन्य पद सौंपे गए। जिसमें छात्राओं ने थाने आने वाले पीड़ितों की समस्याओं को सुना और उनके तुरंत निस्तारण के लिए हल्का इंचार्ज को आदेश दिए।
झिंझाना थाना प्रभारी सर्वेश सिंह द्वारा एसडीएस स्कूल व सैंट आरसी स्कूल की चार छात्राओं को एक दिन के लिए थाना झिंझाना का कार्यभार सौंपा गया। जिसमें 12वीं कक्षा की छात्रा अन्नयाराज बिंदल को थाना प्रभारी, कक्षा 11 की छात्रा तनु गहलोत को एसएसआई, अदिति आर्य को सीनियर उपनिरीक्षक और गौरी शर्मा को हैड मोहर्रिर नियुक्त किया गया। कार्यभार ग्रहण करने पर छात्राओं ने थाने का निरीक्षण किया जिसमें बिना मास्क के डयूटी दे रहे पुलिसकर्मियों को मास्क लगाने के लिए निर्देश दिए।
पूरे दिन में चार शिकायतें आई जिनके निस्तारण के लिए हल्का इंचार्ज को आदेश कर उनका निस्तारण किया गया। अन्नयाराज बिंदल ने बताया आज एक दिन के लिए कोतवाल बनकर पुलिस की कार्य करने की शैली जाना और जो किए गए कार्य से अच्छा लगा। वहीं एसएसआई तनु गहलोत ने बताया पुलिस के लिए कार्य करना बहुत ही कठिन है जिसको मैंने आज बहुत ही नजदीक से जाना ओर फरियादी की समस्या को सुनना, उसको सही निस्तारण करना बहुत अच्छा लगा। वहीं चार पुलिसकर्मियों ने छुट्टी के लिए प्रार्थना-पत्र सौंपा जिसे मंजूर कर लिया गया।

