Wednesday, March 18, 2026
- Advertisement -

पोदीवाड़ा में पीएनबी कैशियर के घर में घुसकर हमला

  • उधारी के तकादे को लेकर दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे, दो हिरासत में

जनवाणी संवाददाता |

मेरठ: कोतवाली के पोदीवाड़ा इलाके में उधारी के तकादे को लेकर पंजाब नेशनल बैंक के कैशियर के घर में घुसकर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सरेआम तमंचों से फायरिंग की गई। हालांकि पुलिस ने फायरिंग से इनकार किया है।

इस मामले में दोनों पक्षों से एक एक आरोपी हिरासत में लिया गया है। पोदीवाड़ा निवासी प्रवीन दिल्ली रोड पीएनबी की शाखा में कैशियर हैं। परिवार के उनके अलावा भाई गोल्डी का परिवार भी रहता है। बताया गया है कि उन्होंने अपने दोस्त गौरव से पचास हजार रुपये उधार लिए थे।

मियाद बीतने के बाद भी यह रकम नहीं लौटायी गयी। गौरव ने कई बार तकादा भी किया, लेकिन वह वक्त मांग लेते। रविवार को अपने गौरव व उसका भाई मनोज अपने कुछ साथियों को लेकर तकादा करने के लिए प्रवीन के घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने जाते ही परिजनों पर लाठी-डंडों और हाकियों से हमला कर दिया।

तमंचे लहराए गए व फायरिंग की। दोनों पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। पड़ोसियों ने बीच बचाव का प्रयास किया, लेकिन दोनों हमलावर रुके नहीं। इस बीच किसी ने कंट्रोल रूम पर सूचना दी तो आनन फानन में पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने गोल्डी व प्रवीण को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने फायरिंग की बात से साफ इनकार किया है। थाना कोतवाली पर दोनों ही पक्षों के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए।

पुलिस नहीं कर रही संजय की भाभी को गिरफ्तार

शास्त्रीनगर स्थित सेक्टर-2 में हुई चंदा लूथरा की हत्या में शामिल हत्यारोपी संजय लूथरा की भाभी शालू को नौचंदी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही है। मृतका चंदा के परिजन शालू की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाना पुलिस से लेकर एसएसपी तक गुहार लगा चुके है। लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। वहीं परिजनों का कहना है कि यदि शालू को गिरफ्तार किया जाए तो चंदा की हत्या के कई सबूत भी उससे मिल सकते है।

शिक्षिका चंदा के पिता ओमप्रकाश का कहना था कि चंदा की हत्या के दिन उन लोगों ने नौचंदी इंस्पेक्टर को दी गई तहरीर में शालू का भी नाम लिखा गया था। लेकिन इंस्पेटर प्रेमचंद शर्मा ने जबरन शालू का नाम हटवा दिया था। जबकि शालू भी चंदा की हत्या में उतनी ही गुनाहगार है, जितना संजय लूथरा व रजत भारद्वाज है।

ओमप्रकाश ने बताया कि हत्या के दिन से ही शालू उनके नाती समर्थ को लेकर फरार है। लेकिन थाना पुलिस न तो नाती को ही उन्हे दिला रही है और न ही शालू को गिरफ्तार कर रही है। जबकि वह लोग एसएसपी अजय साहनी व एसपी क्राइम राम अर्ज से गुहार लगा चुके है। हालांकि अधिकारी आश्वासन तो दे रहे है, लेकिन नतीजा कुछ नहीं मिल रहा है।

पैसे न देने पर बहनोई और उसके भाई ने महिला को पीटा

उधार के पैसे न देने पर बहनोई व उसके भाई ने एक महिला के साथ मारपीट कर दी। पीड़ित महिला ने जीजा-साले के खिलाफ थाने में तहरीर दी। लेकिन थाना पुलिस के कोई कार्रवाई नहीं करने पर महिला ने एसएसपी आवास पर पहुंचकर आरोपियों की शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के उज्जवल गार्डन की रहने वाली एक महिला ने शिकायत देते हुए बताया कि उसके बेटे व पति काम के सिलसिले में दूसरे राज्यों में रहते है। महिला का कहना था कि उसने कुछ दिनों पहले अपने बहनोई से 40 हजार और उसके भाई से 20 हजार रुपये उधार में लिए थे।

पति व बेटे का काम सही नहीं चलने के कारण उनके पैसे देने में देरी हो गई। आरोप है कि गत दिनों वह दोनों भाई उसके घर आए थे, पैसों को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। जिसके बाद उन्होंने उसके साथ बिजली के तारों से पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान वह घायल हो गई थी।

शोर शराबा होने पर आसपास के लोग वहां पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे। जिसके बाद घायल महिला ने लिसाड़ी गेट थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर रविवार को पीड़िता ने एसएसपी आवास पहुंचकर शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

सीएम के समक्ष विधायक उठाएंगे 40 लाख की डकैती का मामला

नौचंदी थाना के शास्त्रीनगर निवासी ज्वेलरी कारोबारी तेजपाल के यहां 40 लाख की डकैती का मामला भाजपा विधायक सीएम योगी के समक्ष उठाएंगे। वहीं दूसरी ओर रविवार को इस मामले को लेकर सांसद व विधायक के एसएसपी को फोन के बाद आनन-फानन में एसओ नौचंदी मयफोर्स के पीड़ित व्यापारी से मिलने उसके आवास पर पहुंचे और शीघ्र ही वारदात के खुलासे का भरोसा दिलाया।

कारोबारी पुत्र कपिल वर्मा ने बताया कि रविवार को एसओ नौचंदी तथा एक जांच टीम आयी थी। उन्होंने क्राइम सीन रिपीट किया। पूरे घर व छत का मुआयना किया व शीघ्र ही वारदात के खुलासे का आश्वासन दिया। रविवार को पीड़ित परिवार सांसद व विधायक से भी मिलने पहुंचा था। इससे पहले भी परिवार कई बार मिल चुका है। सांसद व विधायक दोनोें ने ही एसएसपी को वारदात के खुलासे को कहा।

माना जा रहा है कि इसके बाद ही एसओ नौचंदी पीड़ित कारोबारी के मकान पर पहुंचे। उल्लेखनीय है कि थाना नौचंदी के शास्त्रीनगर मकान नंबर 1202 निवासी ज्वेलरी कारोबारी तेपजाल के यहां बीते 25 दिसंबर को गन पाइंट पर डाली गई चालिस लाख की डकैती में योगी सरकार की हाईटैक पुलिस के हाथ 64 दिन भी खाली हैं। डकैती की इस वारदात के बाद ज्वेलरी कारोबारी का परिवार पूरी तरह बर्बाद हो गया है।

वारदात के खुलासे के लिए सीएम योगी से लेकर प्रदेश के पुलिस प्रमुख, एडीजी, आईजी जोन, एसएसीपी, मेरठ के दोनों सांसदों, तमाम विधायकों, भाजपा व व्यापारी नेताओं सभी से गुहार लगा चुका है, लेकिन तारीख पर तरीख की तर्ज पर मामला आगे नहीं बढ़ पा रहा है।

शनिवार को पीड़ित परिवार एडीजी से गुहार लगाने उनके कार्यालय पहुंचा था। कपिल वर्मा ने बताया कि विधायक ने आश्वासन दिया है कि यदि वारदात का खुलासा नहीं हुआ तो मामले को सीएम के समक्ष भी उठाया जाएगा।

2.660 किग्रा गांझा के साथ बहन-भाई गिरफ्तार

थाना परतापुर क्षेत्र के गांव कुंडा में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले बहन-भाई को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने 2.660 किग्रा गांझा व अन्य सामग्री बरामद की है। पुलिस ने पकड़े गए दोनों बहन-भाई को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। परतापुर थाना एसओ सतीश कुमार ने बताया कि गांव कुंडा स्थित शंकर नगर फेस-1 में नशीले पदार्थों की तस्करी की सूचना लंबे समय से मिल रही थी।

रविवार सुबह उन्होंने अपनी टीम के साथ शंकर नगर में पप्पू सिंह के मकान पर छापेमारी की। जहां से पप्पू की बेटी पूजा व बेटा पंकज को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने इनके पास से 2.660 किग्रा गांझा बरामद किया। इसी के साथ मौके से गांजा की पुड़िया बनाने वाली 50 पारदर्शी पन्नी व स्टैपलर बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों बहन-भाई को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

मंदिर में चोरी करने वाले आरोपी को पकड़ा

कस्बा स्थित शिव बड़ा मंदिर में चोरी करने वाले आरोपी को रविवार दोपहर पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़ लिया। पुलिस ने पकड़े गए चोर को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया। शिव बड़ा मंदिर में बीती 26 फरवरी को एक चोर ने सामान चोरी कर लिया था।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए चोर की पहचान होने के बाद मंदिर के प्रधान ने मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस तभी से चोर की तलाश में जुटी थीी। रविवार को चेकिंग के दौरान पुलिस ने चोर सुहेब उर्फ सोहेल को पकड़ लिया। पुलिस चोर को पकड़कर चौकी ले आई। चौकी प्रभारी अंकित चौहान ने बताया कि पूछताछ के बाद सुहेब को इंचौली थाने भेज दिया गया। जहां से उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।

सदर थाना पुलिस ने एक वाहन चोर पकड़ा, चार साथी फरार

सदर थाना पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान जली कोठी चौराहे से चोरी की होंडा सिटी के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि उसके चार साथी भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से पूछताछ करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। थाना सदर बाजार एसओ दिनेश चंद्र ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ शनिवार रात में गश्त कर रहे थे।

जब वह जली कोठी चौराहे पर पहुंचे तो उन्हें एक होंडा सिटी कार आती दिखाई दी। जब उन्होंने कार को रोकने का इशारा किया तो कार के धीमी होते ही उसमें से चार युवक निकलकर फरार हो गए। जबकि कार चालक को पुलिस टीम ने दबोच लिया। चालक को हिरासत में लेने के बाद उससे पूछताछ की तो उसने कार को चोरी की बताया। साथ ही फरार हुए अपने साथियों के नाम अवकाश, राशिद, आशिक व ताहिर बताया।

जबकि चालक ने अपना नाम कमल हसन पुत्र जहीर निवासी जनकपुरी जिला मुजफ्फरनगर बताया। रविवार को पूछताछ करने के बाद कमल हसन को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

जहरखुरानी गिरोह के सदस्य ने पशु को खिलाया जहरीला पदार्थ, मौत

कस्बे के छोटा बाजार निवासी एक पशु पालक की भैंस को शनिवार देर रात जहरखुरानी गिरोह के एक सदस्य ने जहरीला पदार्थ दे दिया, जिस कारण भैंस की मौत हो गई। कुछ देर बाद मृत भैंस को लेने आए एक युवक पर शक होने के बाद पशु मालिक ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ में पुलिस ने युवक के दो अन्य सदस्य को भी हिरासत में लिया है।

छोटा बाजार निवासी हाजी रईस ने बताया कि शनिवार देर रात उनके घेर के बाहर उनकी भैंस बंधी थी। आरोप है कि रात में जहरखुरानी गिरोह के सदस्य ने उनकी भैंस को जहर दे दिया। भैंस के कहराने पर वह बाहर पहुंचे। कुछ देर बाद ही भैंस ने दम तोड़ दिया। भैंस के मरने के कुछ देर बाद उसे लेने पहुंचे एक युवक पर उन्हें शक हुआ। उन्होंने युवक से जानकारी करते हुए कहा कि उसे कैसे पता चला कि उसकी भैंस मर गई है।

जबकि उन्होंने किसी को सूचना नहीं दी। इस पर युवक घबरा गया। शक होने पर हाजी रईस ने युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपने साथियों के नाम बताए, जिस पर पुलिस ने दो अन्य युवकों को भी हिरासत में ले लिया।

दबंगों के डर से पलायन के पोस्टर लगने पर हड़कंप

खुशहाल कॉलोनी में दबंगों से परेशान 40 परिवारों ने अपने घरों पर पलायन के पोस्टर लगा दिए थे। जैसे ही 40 परिवारों के एक साथ पलायन करने की सूचना पुलिस तक पहुंची तो विभाग में हड़कंप मच गया। जिसके बाद सीओ कोतवाली ने देर रात में ही दोनों पक्षों को बैठाकर उनके बीच समझौता करा दिया और घरों पर लगे पोस्टर को उतरवाया।

विदित है कि थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के खुशहाल कॉलोनी के रहने वाले शौकीन, आजम अली, फजर मोहम्मद, इस्लामुद्दीन व सिराजुद्दीन समेत 40 परिवारों ने अपने घरों पर पलायन करने के पोस्टर लगा दिए थे। आरोप था कि कॉलोनी की सोसायटी के सदस्य उन लोगों का उत्पीड़न करते है और शादी समारोह व अन्य कार्यक्रमों में डीजे बजाने व नाज-गाने पर भी प्रतिबंध लगाते है।

जब वह लोग विरोध करते है तो उनके साथ मारपीट के लिए आमदा हो जाते है। उक्त लोगों का कहना था कि इस संबंध उन्होंने दो दिन पहले पिलोखड़ी चौकी पर शिकायत दी थी, लेकिन जब चौकी पुलिस ने दबंगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की तो गली में रहने वाले सभी 40 परिवारों ने अपने घरों पर पलायन के पोस्टर चस्पा कर दिए। एक साथ 40 परिवारों के पलायन करने की सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

जिसके बाद सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और लिसाड़ी गेट इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल को मौके पर भेजकर मामले की जांच के निर्देश दिए। जिसके बाद इंस्पेक्टर ने देर रात में दोनों पक्षों के लोगों को आमने-सामने बैठाकर समझौता करा दिया और उनके घरों पर लगे पलायन के पोस्टर उतरवाएं।

गैंगवार की आशंका, फिर भी वारदात को संदिग्ध मान रही पुलिस

लोहिया नगर काशी में घर में घुसकर जानलेवा हमला व जेल में बंद हिस्टीशीटर की पत्नी को अगवा कर गैंगरेप मामले के बाद गांव वाले गैंगवार की आशंका जता रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर खरखौदा पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा तो दर्ज कर लिया है, लेकिन पूरी घटना को संदिग्ध मानकर चल रही है। शनिवार की रात अंजाम दी गई घटना के तार पुलिस पूर्व में अंजाम दी गई एक अन्य घटना से जोड़कर चल रही है।

उस घटना में जेल में शहजाद पाशा पर एक महिला से दुष्कर्म का आरोप लगा था। दुष्कर्म की पीड़िता इस घटना में आरोपी बनाए गए इरफान की बहन है। दो अन्य आरोपियों में एक पड़ोसी व दूसरा वकील है। तीनों के खिलाफ पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपी फरार हैं। वहीं दूसरी ओर गांव वाले दोनों के बीच गैंगवार की आशंका जता रहे हैं।

शहजाद पाशा शराब माफिया है। उसके गिरोह में कई बदमाश शामिल हैं। हालांकि पुलिस ज्यादातर को जेल भेज चुकी है। आरोपी बनाए गए इरफान, अकबर व नौसिल को भी गांव वाले कम नहीं मान रहे हैं। उनका तर्क है कि दोनों में कोई भी कम नहीं। वहीं, दूसरी ओर एसओ खरखौदा का कहना है कि तहरीर के अनुसार मामला दर्ज कर लिया गया है, जैसा प्रचारित किया गया वैसी घटना नहीं है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

Saharanpur News: पुलिस मुठभेड़ में लूट के आरोपी दो बदमाश घायल अवस्था में गिरफ्तार

जनवाणी संवाददाता । सहारनपुर: जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए...

Saharanpur News: सहारनपुर में बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

जनवाणी संवाददाता । सहारनपुर: जनपद में मौसम का मिजाज बदलने...

Iran- Israel: इस्राइली हमले में ईरान को बड़ा झटका, लारीजानी और सुलेमानी की मौत

जनवाणी ब्यूरो । नई दिल्ली: ईरान ने मंगलवार देर रात...

Fire In Indore: इंदौर में दर्दनाक हादसा, घर में लगी भीषण आग, सात लोगों की जलकर मौत

जनवाणी ब्यूरो। नई दिल्ली: इंदौर के ब्रजेश्वरी एनेक्स इलाके में...
spot_imgspot_img