जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को मुख्य स्वास्थ्य सचिव, स्वास्थ्य अधिकारियों और सभी जिलाधिकारियों के साथ कोरोना स्थिति का जायजा लिया। त्योहार के सीजन में बढ़ते कोरोना के मामले और प्रदूषण स्तर के बढ़ते स्तर के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने राजधानी में किसी भी तरह के पटाखे जलाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया है। यह प्रतिबंध 7 से 30 नवंबर तक लागू रहेगा।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार किया जाएगा। दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में ऑक्सीजन और आईसीयू बेड बढ़ाए जाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली हाईकोर्ट ने प्राइवेट अस्पतालों में आईसीयू बेड बढ़ाने की हमारी मांग पर रोक लगा दी थी। जिसके बाद बुधावार को हमने सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की है। हमें आशा है कि सुप्रीम कोर्ट स्थिति को देखते हुए रोक को हटाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के रोकथाम के लिए हम ज्यादा से ज्यादा टेस्टिंग पर जोर देंगे। इसी के साथ मृत्यु दर को कम करने के लिए हर जरुरी कदम उठाएंगे।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रदूषण और कोरोना से जंग लड़ने के लिए आज दिल्लीवासियों का आह्वान किया। उन्होंने दिल्लीवालों को दिवाली में पटाखे न जलाने और एक साथ लक्ष्मी पूजन के लिए कहा। केजरीवाल ने कहा कि सभी लोग दिवाली के दिन 7.39 बजे एक साथ लक्ष्मी पूजन करें और कोरोना व प्रदूषण को भगाने का संकल्प लें।
केजरीवाल ने ये बातें एक डिजिटल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि दिल्ली इस समय कोरोना और प्रदूषण से जंग लड़ रही है। हम सबके पूरे प्रयास हैं कि इन दोनों से हम जीत जाएं। प्रदूषण की वजह से कोरोना स्थिति और खराब हो रही है।
केजरीवाल ने कहा हर साल इस महीने में दिल्ली का प्रदूषण बढ़ जाता है क्योंकि पड़ोसी राज्यों से पराली का धुआं यहां पहुंचता है। कई सालों से यह हो रहा है लेकिन राज्य सरकारें इस पर ध्यान नहीं देतीं। इन सरकारों ने किसानों के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। दिल्ली सरकार ने इसे लेकर एक बहुत अच्छा समाधान ढूंढ निकाला है।

