- भसीन के बैंक खातों में डलवाये गए थे 98 करोड़
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: घोटाले में आर्थिक अपराध शाखा ने भसीन इंफ्रा एवं विनम्र इंफ्रास्ट्रक्चर के मालिक सतेंद्र भसीन उर्फ मोंटू भसीन को गिरफ्तार किया है। भसीन के बैंक खातों में 98 करोड़ रुपये डलवाये गए थे।
ईओडब्लू के एसपी राम सुरेश यादव ने बताया कि गर्वित इनोवेटिव प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के एमडी रहे संजय भाटी और उसके सहअभियुक्त बिजेन्द्र सिंह के साथ मिलकर कंपनी के विभिन्न बैंक खातों एवं जीआईपीएल द्वारा अधिगृहित आईटीवी के खातों में जीआईपीएल के निवेशकों का धन जमा कराया गया था।
इस धन में से 98 करोड़ रुपये सतेंद्र भसीन के स्वामित्व वाली कंपनी के विभिन्न बैंक खातों में जमा कराया गया था। इस धन को वैधानिक रूप देने के लिये ग्रांड वेनिस मॉल की व्यवसायिक संपत्तियों को संजय भाटी की कंपनी जीआईपीएल को बेचने के उद्देश्य से फर्जी उलाटमेंट लेटर जारी किया जाता था। जबकि इन संपत्तियों का कोई भी वैद्य एग्रीमेंट नहीं पाया गया था।
बाइक बोट घोटाले में सतेंद्र भसीन उर्फ मोंटू प्रमुख आरोपियों में से एक था। इस प्रकरण में अब तक कुल 20 अभियुक्त गिरफ्तार किये जा चुके हैं। इनमें नौ अभियुक्त दो तीन माह में ईओडब्लू सेक्टर मेरठ द्वारा गिरफ्तार किये गए है। इनमें पांच आरोपी 50 हजार रुपये के इनामी है।
आरोपी सतेंद्र साजिश के तहत आरोपी संजय भाटी और बिजेंद्र सिंह से निवेशकों की अमानत को गैर कानूनी रूप से निजी उपयोग में खर्च कर रहा था। ईओडब्लू की टीम में केपी शर्मा, बिजेंद्र सिंह भड़ाना, अवधेश माहौर, विजय पाल सिंह, अरुण कुमार, मनोज कुमार, अनिल चंदेल शामिल थे।

