- बीएलओ ने की वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की शिकायत
जनवाणी संवाददाता |
थानाभवन: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले ही वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के मामले सामने आने लगे हैं। थानाभवन ब्लॉक की ग्राम पंचायत भैंसानी इस्लामपुर की वोटर लिस्ट में बिना बीएलओ की जानकारी के 161 अतिरिक्त वोट जोड़ दी गई। इसका पता उस समय चला जब वोटर लिस्ट बनकर आई।
बीएलओ ने जिला निर्वाचन कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए एक से तीन वार्डों की वोटर लिस्ट की पुन: जांच की मांग की है।
क्षेत्र के गांव भैंसानी इस्लामपुर के वार्ड नंबर एक, दो व तीन के बीएलओ मोहित शर्मा ने जिला निर्वाचन कार्यालय में शिकायत करते हुए बताया कि ग्राम पंचायत चुनाव के मद्देनजर वोटर लिस्ट पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। इसके तहत उन्होंने इन उक्त तीन वार्डों में कुल 622 नई वोट बनाई है।
इस तरह इन तीन वार्डों की कुल वोट संख्या 2393 होती है लेकिन निर्वाचन कार्यालय की ओर से जो वोटर लिस्ट उन्हें प्राप्त हुई है, उसमें इन वार्डों में वोटरों की संख्या 2554 दर्शाई गई है। इससे साफ है कि निर्वाचन कार्यालय की लिस्ट में 161 वोट अतिरिक्त हैं, जो उन्होंने नहीं बनाई। जब उन्होंने यह वोट नहीं बनाई तो वोटर लिस्ट में इन नई वोटों का शामिल होना गलत है। इसलिए इन वार्डों की वोटर लिस्ट की दोबारा जांच कराई जाए।

