- सहायक महानिरीक्षक निबंधक ने किया निरीक्षण
जनवाणी संवाददाता |
ऊन: ऊन तहसील में रजिस्ट्री कार्यालय की मांग क्षेत्र के लोग लंबे अरसे से करते चले आ रहे हैं। जनता की मांग को देखते हुए शासन द्वारा रजिस्ट्री कार्यालय के लिए धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। सहायक महानिरीक्षक निबंधक ने तहसील कार्यालय पर भवन का निरीक्षण कर तैयारियां का जायजा लिया है।
तहसील ऊन की स्थापना हुए 5 वर्ष बीत गए लेकिन अभी तक तहसील में रजिस्ट्री कार्यालय की स्थापना नहीं हो पाई है। दूसरी ओर क्षेत्र के लोगों ने लगातार रजिस्ट्री कार्यालय की स्थापना की मांग करते रहे हैं। सरकार ने भी करीब एक वर्ष पूर्व नोटिफिकेशन जारी कर दिया था लेकिन धनराशि अवमुक्त तथा निबंधक की नियुक्ति न होने के कारण रजिस्ट्री कार्यालय शुरू नहीं हो पाया। अब शासन द्वारा रजिस्ट्री कार्यालय के लिए एक लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है।
बता दें, रजिस्ट्री कार्यालय के लिए पांच लाख रुपये की धनराशि की डिमांड की गई थी। इसके लिए उप जिलाधिकारी द्वारा तहसील में भवन देने के लिए प्रस्ताव पूर्व में ही भेजा जा चुका है। तहसील में ऊ परी मंजिल पर स्थित बड़े हाल को रजिस्ट्री कार्यालय के लिए दिया गया है।
बुधवार को सहायक महानिरीक्षक निबंधक मेवालाल पटेल ने भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा एक लाख रुपये की धनराशि कार्यालय के फर्नीचर व कंप्यूटर के लिए भेजी गई है, शीघ्र ही भवन में फर्नीचर कंप्यूटर की व्यवस्था कर कर्मचारियों की नियुक्ति के बाद रजिस्ट्री कार्यालय शुरू किया जाएगा।
उप जिलाधिकारी मनी अरोड़ा ने बताया कि रजिस्ट्री कार्यालय के लिए ऊ परी मंजिल पर बड़े हॉल को दिया गया है। शीघ्र ही रजिस्ट्री कार्यालय शुरू हो जाएगा।

