जनवाणी संवाददाता |
खेकड़ा: दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर खेकड़ा तहसील के सामने मंगलवार को सुबह सड़क में बने गड्ढे को बचाने के प्रयास अनियंत्रित होकर ईंटों से भरा एक टैक्टर-ट्राली सामने से आ रही कैंटर से टकरा गई। इससे कैंटर चालक समेत तीन लोग घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद तेज गति आ रही एक कार भी कैंटर में जा घुसी और क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर ट्राली पलट गए और ईंटे हाईवे पर बिखर गई। इससे हाइवे पर दोनों तरफ वाहनों की लम्बी कतारें लग गई। पुलिस ने यातायात को सुचारू कराया।
मंगलवार को सुबह उत्तराखण्ड निवासी पूरन पुत्र दीवान सिंह कैंटर में स्क्रैब भरकर दिल्ली से पानीपत जा रहा था। जब कैंटर दिल्ली-यमुनोत्री हाइवे पर तहसील के सामने पहुंचा तो काठा भट्टे से ईंट लेकर लोनी जा रहे एक ट्रैक्टर-ट्राली चालक हाइवे पर बने गड्ढे से बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर सामने से आ रहे कैंटर से टकराकर पलट गया। इस दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एक कार भी कैंटर में जा घुसी।
कार से प्राथमिक विद्यालय का शिक्षक सतीश दिल्ली जा रहा था। वाहनों की जोरदार टक्कर में कैंटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कैंटर चालक पूरन व टैक्टर ट्राली चालक गुलफाम पुत्र मांगे के अलावा ट्रैक्टर में सवार शमशाद पुत्र रोशन व आबिद पुत्र शमीम गम्भीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भिजवाया। कैंटर व ट्रैक्टर ट्राली की भिड़ंत से ट्रैक्टर ट्राली पलट गई थी। जिससे हाइवे पर जाम लग गया। पुलिस ने जेसीबी बुलाकर वाहनों व ईंट को हटवाकर जाम खुलवाया।
हाइवे के गड्ढे बन रहे हादसों का कारण
दिल्ली यमुनोत्री हाइवे पर पेरिफेरेवल हाइवे मवींकला टोल से डूंडाहेड़ा चेकपोस्ट तक जगह जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन एनएचआई इन गड्ढों को भरने को तैयार नही है। गहरे गड्ढों के चलते कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

